सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी
पारंपरिक खेती को अलविदा, जैविक और मल्चिंग तकनीक से संगीता ने बढ़ाया मुनाफा
रीवा की महिला किसान ने तय किया डेढ़ लाख तक की कमाई का सफर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . रीवा जिले के सिरमौर विकासखंड अंतर्गत तेदुन ग्राम की रहने वाली संगीता साकेत (एमएसडब्ल्यू शिक्षित) आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं। कृषि के क्षेत्र में कुछ नया करने की उनकी ललक ने उनकी पूरी जिंदगी और आर्थिक स्थिति को बदल कर रख दिया है। शुरुआत में संगीता अपने एक एकड़ के रकबे में केवल धान और गेहूं जैसी पारंपरिक फसलें ही उगाती थीं, जिससे उन्हें लागत के मुकाबले सीमित मुनाफा ही मिल पाता था। लेकिन आत्मा परियोजना और कृषि विभाग के मैदानी मार्गदर्शन ने उनकी सोच को एक नई दिशा दी। उन्होंने पारम्परिक खेती के साथ-साथ प्राकृतिक एवं जैविक पद्धति से सब्जियों का उत्पादन शुरू किया। गेहूं और चने के साथ-साथ उन्होंने अपने खेतों में सरसों, बैंगन, मिर्ची, टमाटर और लाल भाजी की खेती की। जैसे-जैसे मुनाफा बढ़ता गया, उन्होंने अपनी खेती का दायरा भी बढ़ा दिया।
जहाँ उन्हें पहले केवल गेहूं की एकल फसल से 30 से 40 हजार रुपये तक का ही लाभ होता था, वहीं सब्जियों की सह-फसल और आधुनिक तकनीकों को अपनाने से उनका वार्षिक मुनाफा बढ़कर एक से डेढ़ लाख रुपये तक पहुँच गया। कृषि विज्ञान केंद्र रीवा से प्राकृतिक खेती विषय पर पाँच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद संगीता ने रासायनिक खादों और कीटनाशकों से तौबा कर ली। उन्होंने खेतों में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर पूरी तरह से जैविक तौर-तरीके अपनाए। खेतों में मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बढ़ाने के लिए 120 लीटर प्रति एकड़ की दर से जीवामृत और बीजामृत (बुवाई से पूर्व बीजोपचार) का उपयोग किया गया। इसके साथ ही वर्मी कंपोस्ट खाद का प्रयोग किया गया। फसलों को कीटों से बचाने के लिए उन्होंने नीमास्त्र, दशपर्णी, नीम अर्क और पाँच पत्ती घोल जैसी स्वदेशी व प्राकृतिक विधियों का सफल इस्तेमाल किया। इन पद्धतियों से जहाँ एक तरफ उनके खेतों की लागत में भारी कमी आई, वहीं दूसरी तरफ उनकी फसलों की गुणवत्ता और पैदावार में जबरदस्त सुधार देखा गया। वर्तमान में वह टमाटर 20-30 क्विंटल, बैंगन 10-20 क्विंटल और मिर्ची 30-40 क्विंटल की शानदार बंपर पैदावार ले रही हैं।
अपनी इस सफलता का श्रेय संगीता साकेत कृषि विभाग, आत्मा परियोजना और विशेष तौर पर कृषि विज्ञान केंद्र रीवा के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन को देती हैं। गर्मियों में गहरी जुताई, आधुनिक कृषि यंत्रों (ट्रैक्टर, रोटावेटर) और ट्यूबवेल व नहर के माध्यम से समय पर सिंचाई ने उनकी मेहनत को और आसान बना दिया है। संगीता साकेत की यह कहानी साबित करती है कि यदि सही तकनीकी मार्गदर्शन, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्राकृतिक खेती के तरीकों को अपनाया जाए, तो सीमित जमीन से भी किसान भाई-बहन अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं। उनकी यह सफलता आज पूरे रीवा संभाग के किसानों को प्रेरित कर रही है।



