राशन कार्डधारियों की ई केवाईसी के लिए शिविर 28 सितम्बर से
सेवा सेतु शिविर में की जाएगी हितग्राहियों की ई केवाईसी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . खाद्य सुरक्षा योजना के तहत खाद्यान्न प्राप्त करने वाले शेष बचे राशन कार्डधारियों की ई केवाईसी के लिए विकासखण्ड स्तर पर 28 सितम्बर से 30 सितम्बर तक शिविर लगाए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन सेवा सेतु शिविरों में राशन कार्डधारियों की ई केवाईसी तथा आधार मोबाइल सीडिंग की जाएगी। सभी शिविर जनपद पंचायत कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि प्रत्येक शिविर के लिए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना की जानकारी भी हितग्राहियों को दी जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र हितग्राहियों में से शहरी क्षेत्र में 15794 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 32 हजार 703 हितग्राहियों की ई केवाईसी शेष है। इन हितग्राहियों को नगरीय निकाय तथा ग्राम पंचायत के माध्यम से शिविरों की सूचना दी जा रही है। ई केवाईसी के बाद इनकी पात्रता पर्ची जारी की जाएगी। ई केवाईसी न होने से सीएम हेल्पलाइन तथा जनसुनवाई में पात्रता पर्ची से जुड़ी शिकायतें बड़ी संख्या में लंबित हैं। कलेक्टर ने बताया कि विकासखण्ड रीवा तथा रायपुर कर्चुलियान में 28 सितम्बर, गंगेव तथा त्योंथर विकासखण्डों में 29 सितम्बर एवं सिरमौर तथा जवा विकासखण्डों में 30 सितम्बर को विकासखण्ड कार्यालय में शिविर लगाए जा रहे हैं। आम जनता इन शिविरों से लाभ उठाकर लंबित ई केवाईसी अवश्य करा लें जिससे नि:शुल्क खाद्यान्न का लाभ मिल सके।