
संभावित बाढ़ के मद्देनजर तटबंधों की लगातार निगरानी, एसडीओ सदर ने रुन्नीसैदपुर में किया निरीक्षण
जिले में बाढ़ की स्थिति नहीं, प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
संभावित बाढ़ के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के निर्देश के आलोक में जिले के सभी तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों पर प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभिन्न जिला एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ संबंधित विभागों की टीमें नियमित रूप से तटबंधों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का जायजा ले रही हैं।
इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, सीतामढ़ी सदर श्री आनंद कुमार द्वारा रुन्नीसैदपुर प्रखंड अंतर्गत नदी तटबंध का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंध की स्थिति, रख-रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को तटबंधों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में विभिन्न टीमों द्वारा भी तटबंधों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं सतर्कता बरती जा रही है। वर्तमान में जिले में बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अनावश्यक भय से बचें। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि, नदी एवं तटबंध क्षेत्रों में रहने वाले लोग आवश्यक सावधानी एवं सतर्कता बरतें।
पशु चिकित्सा केंद्र एवं सीएचसी का भी किया निरीक्षण
एसडीओ सदर द्वारा रुन्नीसैदपुर स्थित पशु चिकित्सा केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण तथा पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की स्थिति की जानकारी ली गई।
पशु चिकित्सा केंद्र के निरीक्षण के दौरान परिसर में अपेक्षित साफ-सफाई नहीं पाए जाने तथा पंजी एवं अभिलेखों का समुचित एवं अद्यतन संधारण नहीं होने की स्थिति सामने आई। इस पर भ्रमणशील चिकित्सा पदाधिकारी से कारण-पृच्छा की गई तथा निर्धारित दायित्वों के अनुरूप कार्य करते हुए परिसर की साफ-सफाई एवं अभिलेखों के समुचित संधारण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके पश्चात एसडीओ सदर आनंद कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रुन्नीसैदपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, उपलब्ध व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं चिकित्सकीय सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान MOIC की अनुपस्थिति तथा कुछ चिकित्सकों के अनुपस्थित पाए जाने के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण/कारण-पृच्छा की कार्रवाई की गई। साथ ही, BHM की कार्यप्रणाली एवं दायित्वों के निर्वहन के संबंध में भी कारण-पृच्छा की गई है।