
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया, 9.700 किलोग्राम प्लास्टिक किया गया एकत्रित।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अवसर पर जिला गंगा समिति, औरैया एवं नगर पालिका परिषद, औरैया द्वारा संयुक्त रूप से प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों एवं नदी क्षेत्र को प्लास्टिक कचरे से मुक्त कर स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के अंतर्गत जालौन चौराहा, औरैया तथा यमुना नदी पुल क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं प्लास्टिक संग्रह अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 9.700 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित/जब्त किया गया।
अभियान के दौरान आमजन को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही नदी एवं पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में जनसहभागिता के महत्व पर भी जोर दिया गया।
जिला गंगा समिति एवं नगर पालिका परिषद, औरैया द्वारा आमजन से अपील की गई कि प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा नदियों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक आशीष पाण्डेय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिरीष मिश्रा, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सुश्री साक्षी शुक्ला सहित नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए प्लास्टिक कचरे के संग्रहण एवं स्वच्छता कार्य में योगदान दिया।
