
फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर NBS (रात्रि रक्त पट्ट संग्रह) पर TOT आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने एवं जिले में NBS (Night Blood Survey/रात्रि रक्त पट्ट संग्रह) गतिविधि को निर्धारित प्रोटोकॉल एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय Training of Trainers (TOT) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन, सीतामढ़ी डॉ. आर. के. यादव के नेतृत्व में किया गया।
प्रशिक्षण में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ सुरेंद्र कुमार, एवं डीपीएम विजय चंद्र झा के साथ जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM), प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक (BCM) तथा प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक (BM&E) ने भाग लिया।
17 प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र में होगा NBS
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जिले के सभी 17 प्रखंडों तथा शहरी क्षेत्र में NBS गतिविधि संचालित की जाएगी। प्रत्येक प्रखंड एवं शहरी क्षेत्र से निर्धारित सेंटिनल एवं रैंडम साइटों पर रात्रि रक्त पट्ट संग्रह किया जाएगा। प्रत्येक चयनित साइट से 300-300 लोगों के रक्त के नमूने एकत्र कर उनकी जांच की जाएगी।
प्रत्येक प्रखंड में एक सेंटिनल साइट तथा दो रैंडम साइट निर्धारित की गई हैं। NBS के अंतर्गत रक्त पट्ट संग्रह की प्रक्रिया रात्रि 10 बजे से प्रारंभ की जाएगी, ताकि फाइलेरिया परजीवी की पहचान के लिए निर्धारित समय के अनुरूप रक्त नमूने एकत्र किए जा सकें।
1 प्रतिशत या उससे अधिक पॉजिटिविटी पर होगा व्यापक सर्वेक्षण
प्रशिक्षण के दौरान NBS से प्राप्त परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया भी समझाई गई। यदि किसी चयनित साइट पर जांच किए गए लोगों में 1 प्रतिशत या उससे अधिक फाइलेरिया पॉजिटिव पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रखंड में व्यापक स्तर पर NBS गतिविधि संचालित की जाएगी, जिससे संक्रमण की स्थिति का बेहतर आकलन एवं आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
फील्ड टीमों के क्षमता वर्धन पर जोर
TOT का मुख्य उद्देश्य प्रखंड एवं फील्ड स्तर की टीमों को रात्रि रक्त पट्ट संग्रह की निर्धारित प्रक्रिया, लक्षित आबादी की पहचान एवं मोबिलाइजेशन, रक्त पट्ट की सही तकनीक से तैयारी, लेबलिंग, सुरक्षित रख-रखाव तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान फाइलेरिया सर्वेक्षण में निर्धारित प्रोटोकॉल, गुणवत्ता मानकों एवं फील्ड स्तर पर संभावित चुनौतियों के प्रभावी समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विश्व स्तर पर फाइलेरिया एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है और वर्तमान में 52 देश फाइलेरिया से प्रभावित हैं। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण सर्वेक्षण, समय पर संक्रमण की पहचान तथा प्रभावी फील्ड-स्तरीय कार्रवाई फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर WHO की जोनल कोऑर्डिनेटर माधुरी देवराजू, पीरामल फाउंडेशन से कार्यक्रम प्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं कार्यक्रम लीड रोहित कुमार ने प्रशिक्षण में सहभागिता की तथा फाइलेरिया उन्मूलन के लिए विभागीय टीमों के साथ समन्वय एवं फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मलेरिया कार्यालय से VDCO पवन कुमार, आरिफ खान, रजनीश कुमार एवं कमलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
गुणवत्तापूर्ण NBS से फाइलेरिया उन्मूलन को मिलेगी मजबूती
NBS के माध्यम से जिले में फाइलेरिया संक्रमण की स्थिति का बेहतर आकलन तथा संभावित संक्रमण की समय पर पहचान में मदद मिलेगी। सभी 17 प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र में सेंटिनल एवं रैंडम साइटों पर निर्धारित संख्या में रक्त नमूने एकत्र कर जांच करने तथा 1 प्रतिशत या उससे अधिक पॉजिटिविटी वाले क्षेत्रों में आगे व्यापक NBS संचालित करने से जिले में फाइलेरिया की निगरानी एवं नियंत्रण को और मजबूत किया जा सकेगा।
प्रखंड एवं फील्ड स्तर की टीमों के बेहतर क्षमता वर्धन, सामुदायिक सहभागिता और विभागीय समन्वय के माध्यम से सीतामढ़ी को फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।



