
VHSND सत्रों की सपोर्टिव मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करेगा U-Mentor ऐप
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। Village Health Sanitation and Nutrition Day (VHSND) सत्रों की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारत सरकार की पहल U-Mentor ऐप को जिले में प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन सिविल सर्जन, सीतामढ़ी डॉ. आर. के. यादव के मार्गदर्शन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में किया गया।
प्रशिक्षण में जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM), प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक (BCM) तथा प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक (BAM) को U-Mentor ऐप के उपयोग एवं VHSND सत्रों की सपोर्टिव मॉनिटरिंग से संबंधित जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम को U-Mentor ऐप के माध्यम से VHSND सत्रों की नियमित सपोर्टिव मॉनिटरिंग करने में सक्षम बनाना है। इसके माध्यम से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, चिकित्सा पदाधिकारी एवं CHOs द्वारा VHSND सत्रों का अवलोकन एवं अनुश्रवण किया जा सकेगा। इससे सत्रों के दौरान सामने आने वाली कमियों एवं दैनिक स्तर की समस्याओं की पहचान कर उनका प्रखंड स्तर पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव ने VHSND सत्रों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण मॉनिटरिंग पर जोर दिया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने U-Mentor ऐप के प्रभावी उपयोग तथा फील्ड स्तर पर इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डीपीएम विजय चंद्र झा, UNICEF के क्षेत्रीय कंसल्टेंट एजाज अफजल, UNICEF (GAVI) के क्षेत्रीय समन्वयक धर्मेंद्र जी, Wadhwani AI के राज्य समन्वयक ओम प्रकाश यादव एवं जिला समन्वयक राकेश कुमार, JSI के जिला समन्वयक संकेत कुमार, UNDP से संतोष पाण्डेय, पीरामल फाउंडेशन से कार्यक्रम प्रबंधक प्रभाकर कुमार, कार्यक्रम लीड रोहित कुमार एवं दुर्गा प्रसाद सहित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बेहतर मॉनिटरिंग से मजबूत होंगे VHSND सत्र
U-Mentor ऐप के माध्यम से VHSND सत्रों की रियल-टाइम सपोर्टिव मॉनिटरिंग, कमियों की त्वरित पहचान, फील्ड टीम को आवश्यक सहयोग तथा प्रखंड स्तर पर समस्या समाधान की प्रक्रिया को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। इससे जिले में VHSND सत्रों की गुणवत्ता एवं नियमितता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
