
सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा में उमड़ा जनसैलाब, विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का दिया संदेश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -‘25 साल जनसेवा से राष्ट्र सेवा’ एवं ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नुमाइश पंडाल में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय गोसेवा आयोग के सदस्य एवं माननीय सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया जी द्वारा की गई। कार्यक्रम में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नुमाइश मैदान स्थित शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत नुमाइश पंडाल में सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने देश की प्रगति, जनसेवा और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के संबोधन का लाइव प्रसारण बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों द्वारा देखा एवं सुना गया। प्रधानमंत्री जी के संबोधन के माध्यम से देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नुमाइश मैदान में भव्य रंगोली का निर्माण भी किया गया, जिसमें सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता एवं नागरिकों की सहभागिता का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात सेवा ज्योति यात्रा को जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनसमूह की सहभागिता के साथ रवाना किया गया। सेवा ज्योति यात्रा नुमाइश पंडाल से प्रारंभ होकर पक्का तालाब चौराहा, पुरबिया टोला एवं नौरंगाबाद होते हुए शास्त्री चौराहा पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया।
सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं विकसित भारत के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान के प्रति जनविश्वास और उत्साह को प्रदर्शित किया।
उक्त कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद राम शंकर कठेरिया, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थिति रहे।


