
सेवा संकल्प वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान सम्मेलन संपन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले भर में सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस क्रम में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में सेवा संकल्प वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में 30 पूर्व सैनिकों तथा 15 वीर नारियों को सम्मानित किया गया। पूर्व महापौर एवं जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, श्री अनिल पटेल तथा श्री जीवनलाल साकेत एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस संबंध में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि सम्मेलन में सर्वप्रथम शहीद सैनिकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करके उनका नमन किया गया। वीर नारियों को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। सभी पूर्व सैनिकों को सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए समग्र पोर्टल पर पंजीयन और ई केवाईसी कराना आवश्यक है। सैनिक कल्याण कार्यालय से मृत्यु अनुदान, छात्रवृत्ति तथा अन्य लाभ प्राप्त करने के लिए भी पूर्व सैनिकों को कार्यालय में पंजीयन कराना और ई केवाईसी कराना अनिवार्य है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि पूर्व सैनिकों से लगातार संवाद करके उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाती है। सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पूर्व सैनिकों के सभी दस्तावेज एवं परिवार डेटा अद्यतन रखना आवश्यक है। आधार कार्ड और पैन कार्ड के साथ ई केवाईसी कराना भी आवश्यक है। समारोह में श्री जयप्रकाश सिंह, श्री गौरव पाण्डेय, श्री गुलाब खान तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी और पूर्व सैनिकों के परिजन उपस्थित रहे।



