उत्तर प्रदेशइटावाप्रशासन

वृद्धाश्रम पहुंचे इटावा एसएसपी, बुजुर्गों के साथ मनाई नवरात्रि की खुशियां

वृद्धाश्रम पहुंचे इटावा एसएसपी, बुजुर्गों के साथ मनाई नवरात्रि की खुशियां

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत इटावा पुलिस ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

 

इस दौरान एसएसपी ने बुजुर्गों से बातचीत की और उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को उपहार सामग्री, मिठाई, फल, शॉल एवं पटाखे वितरित किए। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर बुजुर्गों में भी खुशी का माहौल नजर आया।

 

एसएसपी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व का भाव रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस पहल के जरिए पुलिस ने बुजुर्गों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।

 

मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ समाज में संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

 

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबिता सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर/लाइन्स आयुषी सिंह, WCSO प्रभारी, थानाध्यक्ष फ्रेंड्स कॉलोनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button