प्रशासनउत्तर प्रदेशऔरैया

मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैम्प आयोजित होंगे।

मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैम्प आयोजित होंगे।

बीएलओ प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक रहेंगे उपस्थित, पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए स्थापित होगी हेल्प डेस्क।

प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों से विशेष कैम्प का लाभ उठाने की अपील

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर दिनांक 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने का अवसर उपलब्ध हो सके।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अंतर्गत जनपद के समस्त संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित तिथियों पर विशेष कैम्पों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन नागरिकों पर ध्यान दिया जाएगा, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हो सके हैं, साथ ही उन युवाओं को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा जो पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं।

 

प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ रहेंगे उपस्थित।

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दिनांक 17 अक्टूबर एवं 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित विशेष कैम्पों के दौरान जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही बीएलओ के पास विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दिनांक 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली तथा उसके बाद प्रकाशित सभी पूरक निर्वाचक नामावलियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे नागरिक अपने नाम की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा आवश्यकतानुसार पंजीकरण संबंधी कार्यवाही कर सकेंगे।

 

प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्थापित होगी हेल्प डेस्क।

 

विशेष कैम्प दिवसों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को फार्म-6 भरने, आवश्यक अभिलेखों की जानकारी प्राप्त करने तथा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कैम्प में आने वाले नागरिकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।

कैम्प में प्राप्त होने वाले सभी फार्मों एवं आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा। अभिलेखों को इस प्रकार सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखा जाएगा कि निर्वाचक नामावली के पर्यवेक्षक अथवा निरीक्षण अधिकारी द्वारा मांगे जाने पर उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

मतदाता पंजीकरण के लिए आवश्यक अभिलेख साथ लाएं।

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष कैम्प में पहुंचने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने के लिए आवश्यक अभिलेखों के साथ संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचें। नागरिक अपने साथ निम्नलिखित अभिलेख लेकर आएं—

 

1. अपना अद्यतन फोटो।

2. जन्मतिथि से संबंधित अभिलेख की स्व-प्रमाणित छायाप्रति।

3. निवास से संबंधित अभिलेख की स्व-प्रमाणित छायाप्रति।

4. यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध हो, तो उसका विवरण भी साथ लाएं।

 

उन्होंने बताया कि पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-6 भरकर जमा करना होगा। आवेदन के साथ आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने से पंजीकरण संबंधी कार्यवाही में सुविधा होगी। नागरिकों से अनुरोध है कि वे कैम्प में पहुंचने से पूर्व आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें तथा बीएलओ और हेल्प डेस्क पर तैनात कार्मिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।

 

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होगा व्यापक प्रचार-प्रसार।

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्पों की जानकारी जनपद के अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर लगाकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रेस विज्ञप्तियों, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी कैम्पों की तिथियों और उनके उद्देश्य का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा।

इस संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों को भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने स्तर से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित कर सकें। संबंधित अधिकारियों को विशेष कैम्पों के आयोजन से संबंधित चयनित फोटो एवं वीडियो भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

अधिकारियों द्वारा किया जाएगा निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण।

 

विशेष अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 10 प्रतिशत पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा भी विशेष कैम्प दिवसों पर भ्रमण किया जाएगा। भ्रमण कार्यक्रम इस प्रकार तैयार किया जाएगा, जिससे सभी मतदेय स्थलों की व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण सुनिश्चित हो सके।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कैम्पों में बीएलओ की उपस्थिति, फार्म-6 की उपलब्धता, हेल्प डेस्क के संचालन तथा प्राप्त आवेदनों के अभिलेखीकरण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लें। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी की जाएगी, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न आने पाए।

प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचे अभियान का लाभ।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान का लाभ जनपद के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं।

उन्होंने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए नागरिकों से अपील की है कि वे 17 अक्टूबर 2026 अथवा 24 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 भरें।

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक नागरिक अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ विशेष कैम्प में पहुंचें और इस अभियान का लाभ उठाएं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होना आवश्यक है। अतः सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष कैम्पों में सहभागिता कर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। आनलाइन माध्यम से आयोग के ऐप ECINET mobile app एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म -6, सबमिट किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button