
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाने वाली कार्यवाहियों तथा मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं पुनर्व्यवस्थापन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय आवश्यक है।
बैठक में अवगत कराया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा फोटायुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इसके अंतर्गत मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर 2026 तक पूर्ण की जानी है। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। निर्वाचक नामावलियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में बताया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन एवं पुनर्निर्धारण किया जाएगा। नए मतदेय स्थल स्थापित करने की आवश्यकता होने पर उपयुक्त भवनों का चिह्नांकन करते हुए मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु भवनों का चिह्नांकन करते हुए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 19 अक्टूबर 2026 को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची आपत्तियों एवं सुझावों के लिए प्रकाशित की जाएगी तथा इसकी प्रति मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके उपरांत वर्तमान सांसदों, विधायकों एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण किया जाएगा तथा सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव 27 अक्टूबर 2026 तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्यवाहियां समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण की जाएं। मतदेय स्थलों के निर्धारण एवं पुनर्व्यवस्थापन में निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपेक्षा की कि वे पुनरीक्षण एवं मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें तथा अपने सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, प्रभारी अधिकारी निर्वाचन दिव्या सिकरवार, अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

