
13वां गोवा शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 25 अक्टूबर को पुणे में
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे । उभरते फिल्मकारों, कलाकारों और तकनीशियनों को मंच प्रदान करने वाला गोवा शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल इस वर्ष 25 अक्टूबर को पुणे में आयोजित किया जाएगा। यह फेस्टिवल का 13वां संस्करण है।
फेस्टिवल का उद्घाटन 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सारसबाग के समीप स्थित बालासाहेब ठाकरे आर्ट गैलरी ऑडिटोरियम में होगा। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न देशों की 100 से अधिक लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। फेस्टिवल डायरेक्टर योगेश बारस्कर ने बताया कि यह आयोजन आम जनता के लिए खुला है तथा दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
फेस्टिवल के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार निर्णायक मंडल में वरिष्ठ लेखक एवं संगीत समीक्षक सुभाषचंद्र जाधव, लेखक विनायक कुलकर्णी, वरिष्ठ फिल्म समीक्षक कल्पना खरे, वरिष्ठ लेखक दिलीप कुकाडे और मनोहर सप्रे शामिल हैं।
पुरस्कार वितरण समारोह 25 अक्टूबर को शाम 5 बजे आयोजित होगा। बेस्ट शॉर्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर सहित कुल 35 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा फेस्टिवल में प्रदर्शित होने वाली फिल्मों के निर्माताओं और निर्देशकों को सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन में देश-विदेश से कई निर्देशक, निर्माता और तकनीशियन भाग लेंगे। इस दौरान फिल्म जगत से जुड़े रचनात्मक पेशेवरों के साथ संवाद, चर्चा और बातचीत के विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, फेस्टिवल का उद्देश्य नए फिल्मकारों और प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।

