लगातार खुजली और पित्ती से परेशान हैं? जानें, त्वचा रोग विशेषज्ञ से कब मिलना चाहिए
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे: बार-बार उभरने वाली पित्ती और लगातार खुजली को अक्सर त्वचा की अस्थायी समस्या मानकर टाल दिया जाता है। ऐसे में लोग नई क्रीम आजमाते हैं, खानपान बदलते हैं या राहत के लिए दवा ले लेते हैं, इस उम्मीद में कि लक्षण आखिरकार चले जाएंगे। लेकिन जब लक्षण लौट-लौटकर दिनचर्या बिगाड़ने लगें, नींद पर असर डालें या यह चिंता सताने लगे कि परेशानी दोबारा कब उभर आएगी, तो शायद घरेलू उपायों से आगे सोचने का समय आ गया है।
क्रॉनिक अर्टिकेरिया त्वचा की एक ऐसी स्थिति है, जिसमें छह हफ्ते से ज्यादा समय तक बार-बार पित्ती उभरती है, सूजन होती है या दोनों समस्याएं होती हैं। इसका एक प्रकार क्रॉनिक स्पॉन्टेनियस अर्टिकेरिया (सीएसयू) है, जिसमें किसी स्पष्ट बाहरी कारण के बिना लक्षण दिखाई देते हैं। इसके लक्षण भले ही त्वचा पर नजर आते हैं, पर इनका असर रोजमर्रा की जिंदगी के कई पहलुओं तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञ के पास कब जाना है, यह पहचान लेने से लोग बार-बार खुद इलाज करने के सिलसिले से बाहर निकल सकते हैं और अपनी परेशानी को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।
प्रोफेसर डॉ. विद्याधर सरदेसाई, प्रोफेसर और प्रमुख, त्वचाविज्ञान विभाग, भारती विद्यापीठ मेडिकल कॉलेज, पुणे, ने कहा, “जब पित्ती और खुजली बार-बार होती है, तो लोग इसे अपनी ज़िंदगी का एक हिस्सा मानकर इसके साथ जीना शुरू कर देते हैं। हालाँकि, अगर ये लक्षण लगातार बने रहते हैं, नींद में खलल डालते हैं, काम-काज पर असर डालते हैं या मानसिक रूप से परेशान करते हैं, तो इन्हें नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। एक त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेने पर इन लक्षणों के संभावित कारणों का पता चल सकता है और सही इलाज के बारे में निर्णय लेने में मदद मिल सकती है।”
त्वचा रोग विशेषज्ञ से कब मिलना चाहिए?
1. जब लक्षण बार-बार उभरें
पित्ती कभी-कभार उभरकर अपने आप ठीक हो सकती है, लेकिन बार-बार लौटने वाले लक्षणों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। अगर खुजली वाले चकत्ते छह हफ्ते से ज्यादा समय तक उभरते रहें, तो हर बार अलग-अलग खुद इलाज करते रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
ध्यान दें कि पित्ती कितनी बार उभरती है, यह सिलसिला कितने समय से चल रहा है और क्या लक्षण आपकी दिनचर्या में रुकावट डालने लगे हैं। जांच के समय ये बातें बताने से त्वचा रोग विशेषज्ञ को लक्षणों का आकलन करने और आगे के कदम तय करने में मदद मिल सकती है।
2. जब खुजली की वजह से नींद और कामकाज प्रभावित होने लगे
लगातार खुजली के कारण रात में सोने या गहरी नींद लेने में परेशानी हो सकती है। नींद पूरी न होने से दिनभर थकान, चिड़चिड़ापन और ध्यान लगाने में कठिनाई हो सकती है। हर वक्त की इस तकलीफ के बीच रोज के काम, दफ्तर की जिम्मेदारियां और मामूली दिनचर्या तक भारी पड़ने लग सकती हैं।
अगर खुजली के कारण आराम करने, ध्यान केंद्रित करने या अपनी दिनचर्या निभाने में परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर को इसके बारे में बताना चाहिए। जीवन की गुणवत्ता पर पड़ने वाला असर भी स्थिति को समझने का एक महत्वपूर्ण पहलू है।
3. जब भावनात्मक सेहत पर असर पड़ने लगे
पित्ती का अचानक उभरना और यह पता न होना कि अगली बार ऐसा कब होगा, तनाव और निराशा का कारण बन सकता है। त्वचा पर दिखने वाले चकत्तों या सूजन के कारण कुछ लोग सामाजिक स्थितियों में असहज महसूस करते हैं या किसी खास मौके पर लक्षण उभरने की चिंता करते हैं।
इन अनुभवों को खूबसूरती से जुड़ी मामूली परेशानी मानकर अनदेखा नहीं करना चाहिए। अगर इनका असर आत्मविश्वास, रिश्तों या भावनात्मक सेहत पर पड़ रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में खुलकर बात करनी चाहिए। इससे इलाज के दौरान समस्या के व्यापक असर को भी ध्यान में रखा जा सकता है।
4. जब खुद किए जा रहे उपायों से राहत न मिले
बार-बार पित्ती उभरने पर लोग इसके संभावित कारण तलाशने के लिए खानपान, त्वचा की देखभाल के उत्पादों और रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करने लगते हैं। कुछ लोग यह समझे बिना कि लक्षण बार-बार क्यों लौट रहे हैं, बिना पर्चे के मिलने वाली दवाओं या दूसरे उपायों का सहारा लेने लगते हैं।
लेकिन सीएसयू में अक्सर कोई स्पष्ट बाहरी कारण नहीं मिलता, जिससे बचकर लक्षणों को रोका जा सके। कुछ चीजें कुछ लोगों में लक्षण बढ़ा सकती हैं, पर शक के आधार पर एक-एक करके परहेज करते जाने से असल समस्या का हल निकल आए, यह जरूरी नहीं। त्वचा रोग विशेषज्ञ लक्षणों, मेडिकल हिस्ट्री और पहले इस्तेमाल की गई दवाओं की समीक्षा करके आगे की उचित देखभाल तय करने में मदद कर सकते हैं।
5. जब वजह की तलाश में सही इलाज टलने लगे
मान लीजिए, किसी व्यक्ति को कई महीनों से बार-बार पित्ती हो रही है। वह त्वचा की देखभाल के उत्पाद बदलता है, जिन चीजों पर शक है उन्हें खाना छोड़ देता है और अस्थायी राहत के लिए अलग-अलग उपाय आजमाता है। इसके बावजूद लक्षण लौट आते हैं। चूंकि हर बार पित्ती कुछ समय बाद ठीक हो जाती है, इसलिए वह विशेषज्ञ से मिलने को टालता रहता है।
ऐसी स्थिति में व्यक्ति बार-बार उभरने वाले लक्षणों के पीछे की वजह समझने के बजाय हर बार उनसे राहत पाने की कोशिश में लगा रह सकता है। इससे सीएसयू की पहचान और उचित इलाज में देरी हो सकती है। त्वचा रोग विशेषज्ञ यह आकलन कर सकते हैं कि लक्षण सीएसयू से मेल खाते हैं या किसी अन्य स्थिति के कारण हो रहे हैं। जरूरत पड़ने पर आगे की जांच की सलाह भी दी जा सकती है।
इस तरह बार-बार होने वाली परेशानी के पैटर्न को पहचानना सही देखभाल पाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
लगातार खुजली और बार-बार पित्ती उभरने को रोजमर्रा की जिंदगी का सामान्य हिस्सा मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर लक्षण छह हफ्ते से ज्यादा समय तक बने रहें, खुद के उपायों के बावजूद लौटते रहें या नींद, कामकाज और भावनात्मक सेहत पर असर डालने लगें, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लें। मदद लेने का मकसद अगली बार की परेशानी से राहत पाने के साथ-साथ स्थिति को समझना और उसे सं
भालने का बेहतर तरीका ढूंढना है।



