प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

नईगढ़ी में 9.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

नईगढ़ी में 9.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर उपचार सुविधा – पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान :मऊगंज मध्यप्रदेश 

   मऊगंज . नईगढ़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में 9 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम के मुख्य अतिथ में सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा एवं नगर परिषद अध्यक्ष नईगढ़ी नागिता गुप्ता भी उपस्थित रहे ।

 

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त इस नवीन अस्पताल भवन के शुरू होने से नईगढ़ी और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अस्पताल में आवश्यक जांच, प्रसव, आपातकालीन उपचार और अन्य चिकित्सा सुविधाएं विकसित होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार आमजन के जीवन से सीधे जुड़ा विषय है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल भवन क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नईगढ़ी में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण से क्षेत्र के नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जांच, उपचार और प्रसव संबंधी सुविधाओं की उपलब्धता से मरीजों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी। नवीन भवन क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहायक होगा।

 

9 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, लेबर रूम, कैजुअल्टी वार्ड, महिला वार्ड, सोनोग्राफी कक्ष, सैंपल कलेक्शन कक्ष, दवा वितरण कक्ष, पंजीयन कक्ष एवं प्रतीक्षालय सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अतिरिक्त मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, नर्स स्टेशन और रिकॉर्ड रूम सहित आवश्यक कक्षों का निर्माण किया गया है।

अस्पताल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफॉर्मर एवं जनरेटर सेट की व्यवस्था की गई है। परिसर में स्ट्रीट लाइट के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन एवं अलार्म प्रणाली स्थापित की गई है। अस्पताल परिसर में सड़क, जल निकासी, बोरवेल एवं सोकपिट सहित आवश्यक बाह्य विकास कार्य भी पूर्ण किए गए हैं। भवन का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक एवं निर्धारित निर्माण मानकों के अनुरूप किया गया है। नवीन अस्पताल भवन के लोकार्पण से नईगढ़ी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को गति मिलेगी। साथ ही नागरिकों को स्थानीय स्तर पर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेवा निवृत्त कर्मचारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे, श्रीमती सुनीता पटेल,श्रीमती विभा शर्मा, बीएमओ डॉ. रितुराज पाठक सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button