इटावा में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, 10 दिन में बैंक ऋण के लंबित आवेदनों के निस्तारण के निर्देश
अक्टूबर के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 98.40 प्रतिशत सोलर संयंत्र स्थापित, 7,006 उपभोक्ताओं को मिला अनुदान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 28 अक्टूबर को विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और वेंडरों को लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परियोजना अधिकारी यूपीनेडा इटावा प्रिया शर्मा, लीड बैंक मैनेजर के प्रतिनिधि, विद्युत वितरण खंड द्वितीय एवं तृतीय के अधिशासी अभियंता, मीटर टेस्ट इटावा और जीनत कंपनी के प्रतिनिधि सहित जिले में कार्यरत वेंडर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान परियोजना अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत जिले में कुल 10,611 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 10,470 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अक्टूबर 2026 तक निर्धारित 7,980 संयंत्रों के लक्ष्य के मुकाबले 7,853 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस प्रकार निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 98.40 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है।
उन्होंने बताया कि स्थापित सोलर संयंत्रों के सापेक्ष केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अब तक 7,006 उपभोक्ताओं को अनुदान मिल चुका है। शेष अनुदान की प्रक्रिया जारी है और इसे जल्द पूरा किए जाने की उम्मीद है।
बैंक ऋण के लंबित आवेदनों का 10 दिन में निस्तारण
बैठक में जानकारी दी गई कि योजना के तहत बैंक ऋण के लिए 752 आवेदन लंबित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए कि ऋण वितरण के लिए लंबित सभी आवेदनों का निस्तारण 10 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
स्मार्ट मीटर और लंबित निरीक्षण जल्द पूरे करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के अधिशासी अभियंताओं तथा मीटर टेस्ट इटावा को निर्देश दिए कि सोलर पावर प्लांट स्थापित होने के बाद स्मार्ट मीटर की कॉन्फिगरेशन और बिजली बिलों में सुधार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लंबित 72 कनेक्शनों का निरीक्षण तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि सोलर संयंत्रों की स्थापना और योजना से संबंधित अन्य कार्यों में देरी न हो।
वेंडरों को तीन दिन में पोर्टल पर डेटा अपलोड करने के निर्देश
बैठक में उपस्थित वेंडरों को निर्देश दिए गए कि बैंक ऋण से संबंधित 165 उपभोक्ताओं के यहां सोलर संयंत्र स्थापित कर तीन दिनों के भीतर संबंधित डेटा पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
इसके अलावा, योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए सभी विकास खंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और तहसीलों में सेवा सेतु शिविर अभियान के तहत प्रचार वाहन, कैनोपी और बैनर के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और वेंडरों को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।



