
इटावा में 1 नवंबर को होगा जिला स्तरीय मिलेट्स महोत्सव, 500 किसान होंगे शामिल
मोटे अनाज की खेती, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। किसानों को मोटे अनाज की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने और मिलेट्स के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इटावा में 1 नवंबर को जिला स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में प्रस्तावित है। इसमें जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 500 प्रगतिशील किसानों के शामिल होने की संभावना है।
उप कृषि निदेशक सतीश कुमार के अनुसार, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत न्यूट्रीसीरियल घटक में जिले को मिलेट्स महोत्सव आयोजित करने का लक्ष्य मिला है। इसी के तहत यह कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है।
मिलेट्स की खेती और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
महोत्सव का उद्देश्य मोटे अनाज की फसलों के रकबे और उत्पादन में वृद्धि करना तथा किसानों की आय बढ़ाना है। इसके साथ ही मिलेट्स के मूल्य संवर्धन, विपणन और खाद्य उत्पादों के विकास के माध्यम से आम लोगों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मोटे अनाज से बनने वाले विभिन्न खाद्य उत्पादों और नई रेसिपी के विकास को प्रोत्साहित करने के साथ मिलेट्स प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी। किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
विभागीय स्टॉल लगाने के निर्देश
आयोजन के लिए संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े स्टॉल लगाने तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से किसानों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी और कृषि रक्षा अधिकारी को बीज, उर्वरक तथा कृषि रक्षा रसायनों से संबंधित कंपनियों एवं विक्रेताओं के अतिरिक्त अन्य उपयोगी स्टॉल लगवाने के लिए भी कहा गया है।
आयोजकों के अनुसार, स्टॉल लगाने के लिए पंडाल, कुर्सी और मेज की व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। महोत्सव के माध्यम से किसानों को मोटे अनाज की खेती से लेकर उसके प्रसंस्करण और बाजार तक पहुंच बनाने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।


