सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर में 03 नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव, नशा मुक्त भारत थीम पर पांच विधाओं में होगी मुकाबला…
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जनपद में युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के मुख्य धारा से जोड़ने के लिए आगामी 03 नवंबर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर में जिला स्तरीय कल्चरल ट्रैक यानी युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया जाने वाला है। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक और कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस बार के युवा उत्सव की मुख्य थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से जिले के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और एक सशक्त व विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए जागरूक किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले युवाओं की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना 17 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। इसके साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक युवा या तो मूल रूप से जनपद का निवासी हो अथवा वर्तमान में यहीं किसी शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत हो। सभी प्रतिभागियों के लिए ‘माय भारत’ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना भी आवश्यक शर्त रखी गई है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीन आने वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कराएं।
युवा उत्सव के दौरान कुल पांच प्रमुख विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें लोकनृत्य (समूह), लोकगीत(समूह), नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेगा, जबकि समूह आधारित या सामूहिक विधाओं में नियमों के अनुसार अधिकतम 10 कलाकारों का एक दल हिस्सा ले सकेगा। प्रतियोगिता को और अधिक रोचक व प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए स्थान हासिल करने वाले सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शासन की मंशानुरूप इस पूरे आयोजन में युवतियों की कम से कम 30 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सामाजिक सद्भाव के संदेश को सर्वोपरि रखा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन न केवल स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर दिखाने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें एक नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करेगा। अधिक जानकारी के लिए विकास भवन स्थिति युवा कल्याण कार्यालय से संपर्क करे या आशुतोष मिश्र क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के मो0 नं0- 9650179981 पर सम्पर्क कर सकते हैं।



