
राज्यपाल ने पुनौरा धाम में मां जानकी के किए दर्शन, मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, । बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम के जानकी मंदिर का परिभ्रमण किया तथा मां सीता की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि मां सीता का जीवन त्याग, साहस, स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। पुनौरा धाम का विकास धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ रामायण सर्किट के विकास और भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन तथा बेहतर प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन के सभा कक्ष में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से जानकी मंदिर निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी राज्यपाल को दी गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, बिहार विधान परिषद की सदस्य रेखा कुमारी, विधायक गायत्री देवी, सुनील कुमार पिंटू, बैद्यनाथ प्रसाद, पंकज मिश्रा, प्रो. नागेंद्र राउत एवं रामेश्वर महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्वेता भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।


