
अर्ह मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से चलाएं अभियान : जिला निर्वाचन अधिकारी।
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित, विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, आगामी निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अर्ह नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मतदाता जागरूकता अभियान के संबंध में खाद्य एवं रसद विभाग, शिक्षा विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उपायुक्त स्वतः रोजगार तथा एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र एवं स्काउट गाइड से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मतदाता जागरूकता अभियान को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। विशेष रूप से ऐसे अर्ह नागरिक, जिन्होंने अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, उन्हें चिन्हित कर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक अर्ह नागरिक का मतदाता बनना और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करना अत्यंत आवश्यक है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित कराई जाएं। निबंध, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता रैली एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देशित किया कि उचित दर दुकानों के माध्यम से राशन कार्ड धारकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाए। जिला कार्यक्रम विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, युवाओं एवं आमजन को मतदान के महत्व की जानकारी दी जाए और उन्हें मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए।
उपायुक्त स्वतः रोजगार को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र एवं स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों को रैली, जनसंपर्क, शपथ कार्यक्रम एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए कहा गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता जागरूकता अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गतिविधियां संचालित करे तथा अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए कोई भी अर्ह नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संत कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


