Uncategorized

डीआईजी ने इटावा में किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा

डीआईजी ने इटावा में किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा

महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा, । पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र कानपुर श्री यमुना प्रसाद ने शुक्रवार को जनपद इटावा का भ्रमण कर वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

 

पुलिस कार्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीआईजी का स्वागत किया। इसके बाद गार्द द्वारा सलामी दी गई। डीआईजी ने प्रधान लिपिक कार्यालय, आंकिक कार्यालय, फिंगर प्रिंट कार्यालय, महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं जनशिकायत प्रकोष्ठ, स्थानीय अभिसूचना इकाई, डीसीआर/सीसीआर, साइबर थाना, डीसीआरबी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष एवं फील्ड यूनिट समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव और संबंधित शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

व्यापारियों से की बैठक

 

इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में डीआईजी ने जनपद के व्यापारियों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई। उन्होंने जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं जनसहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक के दौरान व्यापार मंडल के सदस्यों ने डीआईजी को मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

 

अपराध गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश

 

डीआईजी ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, अपराधों की रोकथाम तथा लंबित अभियोगों एवं विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग के लिए नियमित पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ही जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

 

साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

 

डीआईजी ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा गया। उन्होंने आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।

 

महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जोर

 

मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत डीआईजी ने महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई, महिला बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने तथा स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

 

थाना जसवंतनगर का किया वार्षिक निरीक्षण

 

भ्रमण के अंतिम चरण में डीआईजी ने थाना जसवंतनगर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी कार्यालय, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेख, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार एवं थाना परिसर की साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने थाना परिसर में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों का भी अवलोकन किया।

 

डीआईजी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, शिकायतों के समयबद्ध समाधान तथा महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना परिसर में स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

 

निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा ने थाना परिसर में मौजूद चौकीदारों को टॉर्च एवं कंबल वितरित किए।

 

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री श्रीश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध श्री संतोष कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button