
कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन का किया औचक निरीक्षण
गुणवत्तापूर्ण भोजन न मिलने पर व्यक्त की नाराजगी ,सुधार के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने दुवगवां कुर्मियान वार्ड क्रमांक 3 स्थित शासकीय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न की स्थिति तथा रसोई घर की साफ-सफाई का जायजा लिया।
निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन में गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई । रसोईघर में साफ-सफाई की व्यवस्था में कमी पाए जाने के साथ खाद्यान्न के रखरखाव में भी लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार भोजन तैयार नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता में सुधार, रसोईघर में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्यान्न का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी मऊगंज संतोष सिंह, तहसीलदार मऊगंज वीके पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



