बिहारप्रशासनसीतामढ़ी

सीतामढ़ी में 37,451 नए राशनकार्ड का निर्माण, आज 40 से अधिक लाभार्थियों के बीच किया गया वितरण

सीतामढ़ी में 37,451 नए राशनकार्ड का निर्माण, आज 40 से अधिक लाभार्थियों के बीच किया गया वितरण

मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, जिलाधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने लाभार्थियों को सौंपे राशनकार्ड

 

मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया सहित जिले के वरीय पदाधिकारी एवं नए राशनकार्ड के लाभार्थी शामिल हुए।

 

लाइव प्रसारण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के 23 लाख 75 हजार नए लाभार्थियों को राशनकार्ड वितरित किए गए, वहीं 1,448 नई जन वितरण प्रणाली दुकानों के लिए अनुज्ञप्तियों का भी वितरण किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित अन्य पदाधिकारियों ने सीतामढ़ी जिले के 40 से अधिक नए लाभार्थी परिवारों के बीच राशनकार्ड का वितरण किया।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि राशनकार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का अधिकार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार जन वितरण प्रणाली के लाभ से वंचित न रहे। जिले में नए राशनकार्ड का निर्माण एवं वितरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

 

जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि सीतामढ़ी जिले में कुल 37,451 नए राशनकार्ड बनाए गए हैं। इनमें शामिल सभी पात्र परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। लाभार्थी संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता की दुकान पर बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।

 

नए राशनकार्ड के निर्माण एवं वितरण से पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे उन्हें सरकारी प्रावधानों के अनुरूप खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ खाद्य सुरक्षा के दायरे में लाने की प्रक्रिया और सुदृढ़ होगी।

 

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, अनुमंडल पदाधिकारी सदर आनंद कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, सहित संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नए राशनकार्ड लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button