
रीवा: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशों के अनुसार माफियाओं पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। राजस्व, पुलिस तथा नगर निगम रीवा ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए शहर के वार्ड क्रमांक 27 में 36 हजार वर्ग फिट जमीन अतिक्रमण से मुक्त करायी है। इसका वर्तमान में बाजार मूल्य लगभग 18 करोड़ रूपये है। यह अतिक्रमण हटाने में बड़ी सफलता है। राजस्व अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस तथा नगर निगम द्वारा पिछले दो महीनों से लगातार कार्यवाही करके यह सफलता प्राप्त की गई है।
रीवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 27 तोपखाना बिछिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के भवन निर्माण के लिये जमीन आरक्षित की गई थी। इस पर कई अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। लगातार कार्यवाही करके यहां 16 हजार वर्गफिट जमीन अतिक्रमण से मुक्त करायी गई इसका मूल्य लगभग 8 करोड़ रूपये है। इसमें कम आय वर्ग ईडब्ल्यूएस के 112 आवास बनाये जा सकेंगे।
इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना की निर्धारित भूमि से लगी हुई स्वास्थ्य विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की 20 हजार वर्गफिट जमीन पर भी कई व्यक्तियों ने आवैध कब्जा जमा रखा था। इन्हें नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की लगातार कार्यवाही की गई। मुक्त करायी गई भूमि का मूल्य लगभग 10 करोड़ रूपये है। इन जमीनों पर अवैध रूप से बनाये गये कच्चे तथा पक्के निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया है। जमीन का सीमांकन करके शेष बचे हुए अवैध कब्जे को हटाने की कार्यवाही की जा रही है।
