
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सीतामढ़ी में मंथन: पत्रकारिता में सनसनी नहीं, सत्य और जनहित सर्वोपरि—डीएम व एसपी
डीएम तनय सुल्तानिया ने कहा—तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, । राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं प्रेस क्लब, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को प्रेस क्लब परिसर में ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार’ विषय पर विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की नैतिक जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों को बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत निर्माण और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का सशक्त आधार है। मीडिया समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। इसलिए पत्रकारिता में निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जिम्मेदारी बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार तेजी से हो रहा है। ऐसे में किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता और प्रमाणिकता की जांच करना पत्रकारों का महत्वपूर्ण दायित्व है। अपुष्ट खबरें समाज में भ्रम और तनाव पैदा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि तात्कालिक लोकप्रियता के बजाय पत्रकारिता की असली पहचान उसकी विश्वसनीयता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से बनती है।
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल घटनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर समाज को जागरूक करना भी है। खबरों में सनसनी के बजाय सत्य, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। स्वतंत्र एवं जिम्मेदार पत्रकारिता से आम लोगों का व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश रंजन ने भी पत्रकारिता के मूल आदर्शों, स्वतंत्रता और सामाजिक जवाबदेही को बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बदलते मीडिया परिवेश में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और नैतिक मूल्यों को बनाए रखना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, वरिष्ठ पत्रकारों, प्रेस क्लब पदाधिकारियों तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन नवनीत कुमार ने किया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

