उत्तर प्रदेशएग्रीकल्चरऔरैया

विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस, मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस, मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा नहरों की सिल्ट सफाई गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  शासन के निर्देशों के क्रम में आज विकास भवन सभागार, ककोर में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित किसानों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। किसान दिवस में उर्वरक, कृषि रसायन, विद्युत, सिंचाई, पराली प्रबंधन एवं स्व-जनगणना सहित कृषि एवं किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें, जिससे किसानों को सिंचाई संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने जनपद में लगातार बढ़ रही पराली जलाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर सूक्ष्म निगरानी करने तथा पराली जलाने की घटना पाए जाने पर नियमानुसार अर्थदंड लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जनपद में स्व-जनगणना का कार्य 16 नवम्बर 2026 से प्रारंभ हो चुका है। इसके अंतर्गत नागरिकों को 40 बिंदुओं पर जानकारी भरनी है तथा इसके लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी स्व-जनगणना अवश्य पूर्ण करें।

उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने किसानों से अपील की कि वे धान की पराली एवं पुआल को खेतों में न जलाएं, बल्कि अपनी नजदीकी गौशाला में पराली दान करें। पराली दान करने वाले किसानों का नाम गौशाला के रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने किसानों को राष्ट्रीय पशु बीमा योजना के अंतर्गत अपने पशुओं का बीमा कराने के लिए भी प्रेरित किया।

जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार ने किसानों को अवगत कराया कि शीतगृहों से आलू बीज एवं आलू की निकासी की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2026 निर्धारित है। जनपद के 17 शीतगृहों में भंडारित कुल 1,38,000 मीट्रिक टन आलू के सापेक्ष अब तक लगभग 78 प्रतिशत आलू की निकासी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त भंडारण प्रभार योजना के अंतर्गत 100 रुपये प्रति कुंतल की दर से लाभ प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी 30 नवम्बर 2026 है। उन्होंने किसानों से निर्धारित तिथि से पूर्व आवेदन करने की अपील की।

कृषि विज्ञान केंद्र, ग्वारी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. ब्रजविकास सिंह ने खेत बचाओ अभियान-2026 के अंतर्गत किसानों को मृदा परीक्षण के माध्यम से मिट्टी में कार्बनिक पदार्थों की उपलब्धता की जांच कराने, हरी खाद का प्रयोग करने, सरसों की फसल में बिरलीकरण करने तथा गेहूं की बुवाई पूर्व से पश्चिम दिशा में करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पराली को उचित विधि से उपचारित कर पशुओं को खिलाने से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों का सदुपयोग कर मृदा की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

उप कृषि निदेशक/जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में पराली जलाने की घटनाओं की निगरानी सेटेलाइट के माध्यम से की जा रही है। सेटेलाइट से प्राप्त घटनाओं का संबंधित कर्मचारियों द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जाता है तथा पराली जलाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार अर्थदंड वसूलने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि पुनरावृत्ति होने पर दोगुने अर्थदंड का प्रावधान है। जनपद में अब तक 09 कृषकों पर कुल 45,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसकी वसूली राजस्व एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि पराली कदापि न जलाएं, क्योंकि इससे वायु एवं पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

‌किसान दिवस में सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान एवं शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक जानकारी साझा की।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक/जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुशील कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता श्री प्रशान्त गुप्ता, कृषि विज्ञान केंद्र ग्वारी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. ब्रजविकास सिंह, पशुपालन विभाग के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता हरगोविन्द सिंह, सिंचाई विभाग अधिशासी अभियंता संजय कुमार, मंडी सचिव श्री अनुराग सिंह, रेशम विभाग से श्रीमती पूजा शर्मा, सहकारिता विभाग से श्री संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button