
जिला सूचना कार्यालय में मीडिया कर्मियों ने उत्साहपूर्वक की स्व-गणना
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मीडिया कर्मियों को स्व-गणना प्रक्रिया की दी गई जानकारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा :-भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के लिए संचालित स्व-गणना अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं डिजिटल प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सूचना कार्यालय, इटावा में मीडिया कर्मियों द्वारा स्व-गणना की गई।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी श्रीमती नीलम यादव उपस्थित रहीं। स्टेट मास्टर ट्रेनर जनगणना श्री संतोष कुमार शर्मा ने मीडिया कर्मियों को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से प्रत्येक परिवार निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। इससे जनगणना प्रक्रिया में आमजन की सहभागिता बढ़ेगी तथा डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
स्टेट मास्टर ट्रेनर ने मीडिया कर्मियों से स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आम नागरिकों को निर्धारित समयावधि में स्व-गणना के लिए प्रेरित करने की अपील की, जिससे जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण अभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जा सके।
इस दौरान फील्ड ट्रेनर मंजुल चतुर्वेदी, आनंद मिश्रा, वरुण मिश्रा, अनिरुद्ध दीक्षित, पीयूष दीक्षित, आशीष मिश्रा एवं पूजा कुमारी, प्रचार सहायक अभिषेक राज, लेखाकार अशोक कुमार, आकाश यादव सहित तमाम मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।



