
जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के आलेख प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के आलेख प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के आलेख प्रकाशन के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान मूल मतदाता सूची एवं पूरक मतदाता सूचियों के विवरण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी उपलब्ध कराई गई। बैठक का उद्देश्य निर्वाचक नामावलियों के आलेख प्रकाशन की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे निर्वाचक नामावलियों के आलेख प्रकाशन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें तथा मतदाता सूची से संबंधित जानकारी का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं सहयोग प्रदान करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 09 मतदान स्थल नये बनाए गए हैं। नए मतदान स्थल बनाए जाने का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि यह वह मतदेय स्थल है जहां मतदाताओं को मतदेय स्थल पहुंचने में अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी अथवा वह मतदान स्थल जिनमें 1200 से अधिक मतदाता होने के कारण उसी मतदान स्थल के 01 अतिरिक्त कक्ष को मतदान स्थल के रूप में सृजित किया गया है साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा 204 औरैया के मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय चिटकापुर में मतदेय स्थल संख्या 67 व 68 के भवन जर्जर होने के कारण उच्च प्राथमिक विद्यालय चिटकापुर के भवन कक्ष संख्या 01 व 02 को बनाया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को दृष्टिगत रखते हुए आमजन को ईवीएम तथा वीवी पैट के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय अर्थात कलेक्ट्रेट तथा रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय अर्थात तहसील मुख्यालय में दिनांक 20 नवम्बर से ईवीएम प्रदर्शन केन्द्रों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त प्रदर्शन केन्द्रों के संचालन हेतु अधिकारियों को भी नामित कर दिया गया है जो कि ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र का प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संचालन शुनिश्चित करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार आज ड्राप्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा रहा है दिनांक 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। प्राप्त दावे व आपत्तियों का निस्तारण दिनांक 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा दिनांक 04 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष अभियान की तिथियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 16 दिसम्बर 2026 तक मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। उक्त अवधि के मध्य दिनांक 21 नवम्बर, 22 नवम्बर, 28 नवम्बर तथा 29 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसमें संबंधित बीएलओ प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को संपादित करेंगे। इस कार्य को और सटीकता प्रदान करने हेतु मतदान केन्द्रों पर पदाभिहित की भी तैनाती की जाएगी और मतदाताओं की सूची की सहायता हेतु हेल्प डेस्क की भी स्थापना की जाएगी साथ उन्होंने यह भी बताया कि दिनांक 18 नवम्बर 2026 को सभी बीएलओ द्वारा संबंधित मतदेय स्थल पर मतदाता सूची का वाचन भी किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की, कि वह अपने बीएलए के माध्यम से ऐसे युवा मतदाता जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं तथा ऐसी महिला मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, के फॉर्म 6 भरवाकर मतदाता सूची में उनका नाम सम्मिलित करायें।
बैठक में मूल मतदाता सूची एवं पूरक सूचियों के विवरण के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया गया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य, उप जिलाधिकारी न्यायिक/प्रभारी अधिकारी निर्वाचन दिव्या सिकरवार, वरिष्ठ कोषाधिकारी, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर चंद्र राठौर, बसपा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र दोहरे, सीपीआई सदस्य जिला कमेटी हरिश्चंद्र, अपना दल जिलाध्यक्ष युवा मंच शिवेन्द्र सिंह, कांग्रेस पार्टी सदस्य निखिल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

