
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने दीपक राजावत को बनाया अपना सीईओ
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:नई दिल्ली
राष्ट्रीयः एअर इंडिया एक्सप्रेस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज दीपक राजावत को एयरलाइन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की है। यह नियुक्ति 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी। दीपक, जो वर्तमान में एयरलाइन के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के रूप में कार्यरत हैं, अब नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले उन्होंने कंपनी के फाइनेंस विभाग का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया और एयरलाइन के विकास तथा बदलाव की यात्रा में अहम योगदान दिया।
विमानन और फाइनेंस क्षेत्र में दो दशकों से अधिक की विशेषज्ञता के साथ दीपक के पास वित्तीय विशेषज्ञता, कमर्शियल लीडरशिप और स्ट्रैटेजिक प्लानिंग का बेहतरीन अनुभव है। एयर इंडिया एक्सप्रेस में सीएफओ के रूप में शामिल होने के बाद से, उन्होंने एयरलाइन की आर्थिक नींव को मजबूत बनाने के साथ-साथ इसके विस्तार और एयर इंडिया ग्रुप के साथ इसके एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ जुड़ने से पहले, दीपक विस्तारा के साथ शुरुआत से ही जुड़े हुए थे। जहां उन्होंने कॉर्पोरेट प्लानिंग, एयरक्राफ्ट अधिग्रहण और फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में लीडरशिप भूमिकाएं निभाईं। विस्तारा के मुख्य कमर्शियल अधिकारी (सीसीओ) के रूप में, उन्होंने रेवेन्यू मैनेजमेंट, नेटवर्क प्लानिंग, सेल्स और डिस्ट्रीब्यूशन, पार्टनरशिप और गठबंधन, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, इन-फ्लाइट सेवाएं, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और कस्टमर एक्सपीरियंस जैसे व्यापक पोर्टफोलियो का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के दौरान, एयरलाइन घरेलू बाजार हिस्सेदारी के मामले में भारत की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन बन गई। साथ ही, इसे स्काईट्रैक्स की शीर्ष 20 एयरलाइनों में जगह मिली। 2022 में यह 20वें स्थान पर रही, जबकि 2023 और 2024 दोनों वर्षों में इसने 16वां स्थान हासिल किया।
इस नियुक्ति पर बात करते हुए, एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने कहा, “दीपक के पास वित्तीय विशेषज्ञता, व्यावसायिक सूझबूझ और विमानन क्षेत्र का गहरा अनुभव है। उन्होंने टाटा ग्रुप की एयरलाइनों में एक दशक से अधिक समय तक अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। वे विस्तारा और एयर इंडिया एक्सप्रेस, दोनों की विकास यात्रा के साथ करीब से जुड़े रहे हैं, उन्हें भावी अवसरों की अच्छी समझ है और वे ग्रुप की बदलाव संबंधी प्राथमिकताओं को भी बखूबी समझते हैं। इस भूमिका में उनका स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी का अनुभव हो रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में एअर इंडिया एक्सप्रेस अपनी मजबूत गति को और आगे बढ़ाएगी, साथ ही पूरे एअर इंडिया ग्रुप के भीतर बेहतर तालमेल बनाने में मदद करेगी।”
एअर इंडिया एक्सप्रेस के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दीपक राजावत ने कहा, “एअर इंडिया एक्सप्रेस की विकास यात्रा के इस रोमांचक दौर में यह जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए सम्मान की बात है। विस्तारा और अब एअर इंडिया एक्सप्रेस के माध्यम से मुझे टाटा ग्रुप के एविएशन इकोसिस्टम में शामिल होने के अवसर मिले हैं। पिछले एक दशक में मैंने भारतीय विमानन क्षेत्र के विकास को करीब से देखा है। एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बढ़ते नेटवर्क, बढ़ते फ्लीट और खास वैल्यू प्रपोजीशन के साथ मजबूत गति हासिल की है। मैं एअर इंडिया एक्सप्रेस की प्रतिभाशाली टीम और पूरे एअर इंडिया ग्रुप के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। हमारा लक्ष्य ग्राहकों के लिए अपनी सेवाओं को और मजबूत बनाना और ऐसी एयरलाइन का निर्माण करना है जो ग्राहकों पर केंद्रित हो, तकनीक से संचालित हो, तथा जो कुशल, इनोवेटिव होने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को भी गहराई से संजोए रखे।”
दीपक की नियुक्ति एअर इंडिया एक्सप्रेस की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत है, क्योंकि एयरलाइन लगातार अपने फ्लीट और नेटवर्क का विस्तार कर रही है। वर्तमान में, यह एयरलाइन प्रतिदिन लगभग 585 उड़ानें संचालित करती है, जो दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और पश्चिम एशिया के 48 घरेलू और 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती हैं। इसके लिए कंपनी के पास 108 बोइंग 737 और एयरबस ।320 श्रेणी के विमानों का एक आधुनिक फ्लीट है।


