सीतामढ़ीप्रशासनबिहार

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा बिहार 

सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन सीतामढ़ी डॉ. आर. के. यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, डीपीएम विजय झा, DM&E संतोष कुमार, डीपीसी दिनेश कुमार एवं प्रतीक यादव, पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं कार्यक्रम लीडर रोहित सिंह सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), ICDS के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), BCM तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

 

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों, सेवा की गुणवत्ता तथा विभागीय समन्वय को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

समीक्षा के दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई:

 

1. कायाकल्प कार्यक्रम (Kayakalp): स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, अस्पताल परिसर के रखरखाव एवं मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई। सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने तथा नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

2. संस्थागत प्रसव (Institutional Delivery): जिले में संस्थागत प्रसव की स्थिति, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध प्रसव सेवाओं, मानव संसाधन एवं आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने, प्रसव पूर्व जोखिम की पहचान करने तथा सुरक्षित प्रसव सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से कम संस्थागत प्रसव वाले क्षेत्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों पर ध्यान केंद्रित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने पर बल दिया गया।

 

3. पल्स पोलियो अभियान: आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों, लक्षित बच्चों की पहचान, माइक्रोप्लानिंग, टीकाकरण टीमों की उपलब्धता, पर्यवेक्षण एवं अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग पर चर्चा की गई। अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर जाकर टीकाकरण एवं छूटे हुए बच्चों का पुनः अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

4. फाइलेरिया नियंत्रण एवं सर्वजन दवा सेवन (MDA): फाइलेरिया नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित रात्रि रक्त पट्ट संग्रहण अभियान की प्रगति एवं प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा की गई। रक्त पट्ट संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों, संग्रहित नमूनों की रिपोर्टिंग एवं आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई। साथ ही आगामी सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए माइक्रोप्लानिंग, दवा की उपलब्धता, दवा सेवन कराने वाली टीमों के प्रशिक्षण, सामुदायिक जागरूकता एवं प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में लक्षित लाभार्थियों को स्वास्थ्य कर्मियों के समक्ष दवा का सेवन कराने पर विशेष बल दिया गया।

 

5. मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (Maternal and Child Health): गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, नियमित ANC जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (HRP) की पहचान एवं उचित रेफरल, संस्थागत प्रसव, प्रसवोत्तर देखभाल (PNC) तथा नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल की समीक्षा की गई। मातृ एवं नवजात मृत्यु दर में कमी लाने के लिए समय पर जटिलताओं की पहचान एवं प्रबंधन, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

6. राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS): स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से NQAS की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनुपालन, आवश्यक दस्तावेजों का संधारण, मरीजों के अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, उपलब्ध सेवाओं एवं आधारभूत संरचना में सुधार तथा आंतरिक मूल्यांकन नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए।

 

7. mASHA कार्यक्रम: आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सेवा संबंधी प्रविष्टियों, डेटा की गुणवत्ता एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग की समीक्षा की गई। आशा कार्यकर्ताओं को नियमित मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने तथा प्रखंड स्तर पर BHM एवं BCM के माध्यम से प्रविष्टियों की निगरानी और लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

 

8. RCH 2.0 (JANANI): गर्भवती महिलाओं एवं पात्र दंपतियों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की डिजिटल ट्रैकिंग एवं निगरानी को सुदृढ़ बनाने के लिए JANANI पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई। लाभार्थियों का समय पर पंजीकरण, ANC सेवाओं की प्रविष्टि, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, प्रसव संबंधी विवरण, प्रसवोत्तर सेवाओं एवं शिशु टीकाकरण की अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही MOIC, BHM, BCM एवं BM&E की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा पोर्टल पर डेटा की शुद्धता एवं नियमित अपडेट सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ प्रशासन, जीविका एवं ICDS की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण माना गया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, सामुदायिक जागरूकता, लाभार्थियों की पहचान एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में अंतरविभागीय समन्वय को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

 

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा में सामने आई कमियों एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। सभी कार्यक्रमों की नियमित निगरानी, प्रखंड एवं स्वास्थ्य संस्थान स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।

 

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को बेहतर बनाना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुलभ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button