
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
रीवा: जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक म.प्र. पिछड़ावर्ग कल्याण आयोग के सदस्य एवं विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, विधायक त्योंथर श्री श्यामलाल द्विवेदी तथा कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में गत बैठक की कार्यवाही के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के साथ मार्गों के ब्लैक स्पाट में दुर्घटना रोकने सहित शहर में निर्वाध यातायात व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तार से विचार विमर्श किया गया।
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में गत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के दौरान रीवा शहर के रमागोविंद पैलेस, जानटावर व एसपीएस माल में पार्किंग व्यवस्था न होने से इनके सामने अत्यधिक भीड़ के कारण यातायात बाधित होने तथा इन इमारतों में सुरक्षा मापदण्डों का पालन न करने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिये कि पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीम निरीक्षण कर रिपोर्ट दे ताकि अग्रिम कार्यवाही की जा सके। उन्होंने रीवा शहर में यातायात की सुगमता व जाम न लगने की स्थिति के लिये पूरी तरह व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि मल्टी स्टोरी पार्किंग की कार्ययोजना बनाते हुए सभी बड़े व्यावसायिक काम्पलेक्स व ईमारतों में पार्किंग की व्यवस्था करायी जाय अन्यथा इनके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि शहर के अंदर मार्ग में कट्स बंद करायें तथा यदि कोई कट्स नोड़ता है तो उसके विरूद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई जाय।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले के मार्गों के ब्लैक स्पाट की जानकारी पावर प्वांइट के माध्यम से दी गई। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने सड़क निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि इन चिन्हित स्थानों में अधिक से अधिक संकेतक लगाकर दुर्घटना रोकने के उपाय करें तथा अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भी यह व्यवस्था कराये। उन्होंने रीवा शहर के चौराहों में स्पाट लाईन की मार्किंग कराने तथा आटो चालकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिये।
बैठक में विधायकश्री प्रदीप पटेल ने हनुमना से बहरी मार्ग के कारण यातायात बाधित होने की बात कही। कलेक्टर ने यातायात डीएसपी को संबंधित एसडीएम के साथ स्थल निरीक्षण करने व व्यवस्थायें सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। विधायक त्योंथर श्री श्यामलाल द्विवेदी ने बघेड़ी चौराहा व विधायक चौराहा चाकघाट में भीड़ नियंत्रण के उपाय करने की बात कही।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद की जानी चाहिए। ऐसा करने से संबंधित घायल की जान बचती है साथ ही बचाने वाले को अब पांच हजार रूपये की पुरस्कार राशि भी दी जाती है। उन्होंने सड़क सुरक्षा व दुर्घटना से बचने के लिए चार पहिया वाहन में ड्रायवर सहित आगे बैठने वाले को अनिवार्यत: सीट वेल्ट लगाने, स्पीड कम रखने तथा दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने की बात कही। श्री भसीन ने कहा कि यह उपाय दुर्घटना में मृत्यु को 70 से 80 प्रतिशत तक कम करते है अत: इसके लिये लोगों को जागरूक किया जाय।
बैठक में शहर के सीवर पाइप लाइन के चेम्बर को बंद करने, चोरहटा वाईपास तिराहे में रोड को चौड़ी करने, अनावश्यक कट्स को बंद करने तथा मनगवां चौराहे में रोड चौड़ीकरण करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधिगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत स्वप्निल वानखेड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, डीएसपी यातायात मनोज वर्मा, संयुक्त कलेक्टर ए.के. झा, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, आरटीओ मनीष त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी के.के. गर्ग सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



