
कमिश्नर ने मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का
मतदान केन्द्रों में पहुंचकर किया अवलोकन
बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य के संबंध में प्राप्त की जानकारी
रीवा :कमिश्नर रीवा संभाग श्री अनिल सुचारी ने रीवा शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का अवलोकन किया तथा संबंधित बीएलओ से किये जा रहे कार्य के विषय में जानकारी प्राप्त की।
कमिश्नर ने स्थानीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय में बनाये गये तीन मतदान केन्द्रों, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग कार्यालय में स्थापित दो मतदान केन्द्रों तथा मार्तण्ड स्कूल क्रमांक दो में स्थापित तीन मतदान केन्द्रों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने तथा संशोधन एवं सुधार के संबंध में प्राप्त आवेदनों की विस्तार से जानकारी ली। कमिश्नर श्री सुचारी ने बीएलओ को निर्देश दिये कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध कार्य है अत: प्राप्त आवेदनों की सही जांच कर नियत समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण करें। उन्होंने डोर टू डोर सर्वे कर मतदाता सूची को अद्यतन करने की कार्यवाही में पूर्णत: सजगता व सावधानी बरतने के भी निर्देश दिये। श्री सुचारी ने कहा कि पात्र व्यक्ति का नाम छूटे नहीं तथा गलत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न रहे इसका सत्यापन करें तभी मतदाता सूची शुद्ध बनेगी। उन्होंने बीएलओ सूची में संशोधन व सुधार के साथ नाम काटने व जोड़ने के संबंध में प्राप्त आवेदनों व की गई कार्यवाही के विषय में विस्तार से जानकारी लेते हुए बीएलओ रजिस्टर का भी अवलोकन किया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त सतीश निगम, तहसीलदार आरपी त्रिपाठी, इलेक्शन सुरवाइजर श्री बी.एन. गौतम उपस्थित रहे।


