
टीकाकरण महाअभियान में रीवा जिले में शाम 6 बजे तक लगे 53037 टीके
टीकाकरण के लिये अभूतपूर्व उत्साह – जिले भर में लगे 53037 टीके
रीवा: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उच्च प्राथमिकता के कार्यक्रम कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के लिए रीवा जिले में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में कई जिलों में कोरोना संक्रमित पाए जाने से इसकी तीसरी लहर की आहट सुनाई देने लगी है। इन परिस्थितियों में कोरोना टीकाकरण अभियान और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। हर व्यक्ति को दोनों डोज के टीके लगाकर ही कोरोना से पूरी सुरक्षा मिल सकती है।
जिले में एक दिसम्बर को टीकाकरण का महाअभियान चलाया गया। जिले में कोरोना वैक्सीन टीकाकरण महाअभियान लिए लोगों में अभूतपूर्व उत्साह रहा। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के कई टीकाकरण केन्द्रों में प्रात: 8 बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। टीकाकरण केन्द्रों में पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही पंजीयन करके कोरोना वैक्सीन की प्रथम तथा दूसरी डोज लगाई गई। मोबाइल दलों द्वारा मोहल्लों में घूम-घूम कर टीकाकरण किया गया। दिव्यांगों तथा अधिक आयु के व्यक्तियों को उनके घर जाकर टीके लगाए गए।
जिले में शाम 6 बजे तक 53 हजार 37 कोरोना वैक्सीन के टीके लगाये जा चुके थे। अभियान के दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, नगर निगम आयुक्त मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार अभियान की मॉनीटरिंग की। सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों ने अपने अमले के साथ टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
जिले में प्रात: 8 बजे से ही टीकाकरण आरंभ हो गया। प्रात: 9 बजे तक 1650 व्यक्तियों, प्रात: 10 बजे तक 4 हजार 501 व्यक्तियों तथा प्रात: 11 बजे तक 9 हजार 923 व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए। ठंड के कारण सुबह लोगों का केन्द्रों में पहुंचना कुछ कम था लेकिन धूप चढ़ने के साथ-साथ टीकाकरण में तेजी आई। जिले में दोपहर 12 बजे तक 14 हजार 372 व्यक्तियों को टीके लगाये जा चुके थे। जिले में दोपहर एक बजे तक 21 हजार 811, दोपहर 2 बजे तक 32 हजार 358 तथा दोपहर 3 बजे तक 42 हजार 140 व्यक्तियों को टीके लगाये गये थे। पूरे जिले में टीकाकरण का कार्य तेजी से जारी रहा। बुजुर्गों, युवाओं तथा महिलाओं ने उत्साह के साथ कोरोना वैक्सीन के टीके लगवाए। जिले में शाम 4 बजे तक 47 हजार 996 तथा शाम 5 बजे तक 51 हजार 371 व्यक्तियों को टीके लगाए गए।
क्रमांक-04-4005-तिवारी-फोटो क्रमांक 04, 05 संलग्न हैं।



