
विशाल समाचार रीवा टीम
रीवा एमपी: जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह मंत्री खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपदा प्रबंधन दल के सदस्यों से कोरोना नियंत्रण के संबंध में चर्चा की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि रीवा जिले में कोरोना संकट के पहले तथा दूसरे दौर में जन सहयोग से कोरोना नियंत्रण का शानदार कार्य किया है। प्रदेश के कई जिलों में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। इससे तीसरी लहर का खतरा पैदा हो गया है। इससे निपटने के लिए जिले में पूरी तैयारी रखें। अस्पतालों में बेड, दवाओं की आपूर्ति, कोरोना सेंपल की जांच, ऑक्सीजन की आपूर्ति तथा अन्य व्यवस्थाएं कलेक्टर सुनिश्चित कर लें। जिला आपदा प्रबंधन दल तथा विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर के आपदा प्रबंधन दलों की बैठक करके उनसे प्राप्त सुझावों के अनुसार कोरोना से लड़ने के उपाय करें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रीवा जिले में टीकाकरण का कार्य बहुत अच्छा हुआ है। किशोर-किशोरियों का टीकाकरण भी लक्ष्य के अनुसार कराएं। कोरोना का टीका इसके बचाव का कारगर उपाय है। इसके साथ-साथ सार्वजनिक स्थल पर मास्क का उपयोग अनिवार्य करने, फिजिकल दूरी बनाए रखने के भी उपाय करें। जिले में अन्य प्रदेश से आने वाले व्यक्तियों की सीमा पर ही जांच कराएं। फीवर क्लीनिक सक्रिय कर वहाँ सर्दी-खांसी से पीडि़तों के सेंपल लेने एवं उपचार की व्यवस्था करें। प्रभारी मंत्री ने सीटी स्कैन मशीन, एंबुलेंस तथा अन्य उपचार सामग्रियों के संबंध में भी निर्देश दिए।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह ने कहा कि रीवा में पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाएं बहुत बेहतर हो गई हैं। बेडों तथा ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता है। कोरोना संकट से लड़ने के लिए रीवा पूरी तरह से तैयार है। विधायक त्योंथर श्री श्यामलाल द्विवेदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिक सतर्कता की जरूरत है। त्योंथर में पर्याप्त बेड तथा ऑक्सीजन उपलब्ध है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्ट्रेट के बाणसागर कक्ष से भाग लेते हुए कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि मेडिकल कालेज में 792 बेड तथा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में 200 बेड उपलब्ध हैं। दवाएं, ऑक्सीजन संयंत्र, सीटी स्केन मशीन की स्थापना, एंबुलेंस आदि की पूरी व्यवस्था हो गई है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में डॉ. हरिशचन्द्र द्विवेदी ने कोरोना से लड़ने के लिए योग एवं त्रिकुट काढ़े के उपयोग को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। श्री कमलेश सचदेवा ने दुकानों में मास्क न लगाने वाले ग्राहकों को सामग्री न देने का सुझाव दिया। कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में वीडियो कान्फ्रेंसिंग में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, डीन मेडिकल कॉलेज मनोज इंदुरकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीएल मिश्रा, डॉ. सुनील अवस्थी तथा आपदा प्रबंधन दल के सदस्य शामिल हुए।
क्रमांक-50-50-तिवारी-फोटो क्रमांक 01, 02 संलग्न है।


