पाला से फसलों को बचाने कृषि विभाग ने दी किसानों को सलाह
रीवा विशाल समाचार टीम
रीवा एमपी:जिले में पिछले 10 दिनों से शीत लहर का प्रकोप है। तापमान में गिरावट तथा आसमान पर बादल छाने से मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। तापमान में गिरावट से फसलों में शीतलहर के प्रकोप की भी आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने किसानों को फसलों को पाले के प्रकोप से बचाने के लिए सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि तापमान में गिरावट का सर्वाधिक असर दलहनी, तिलहनी तथा सब्जी की फसलों में होता है। फसलों को पाले से बचाने के लिए सिंचाई कारगर साधन है लेकिन अच्छी वर्षा के कारण फसलों में सिंचाई की आवश्यकता नहीं है। अच्छी नमी रहने पर फसल में पाले का प्रकोप नहीं होगा। पाले से बचाव के लिए किसान भाई रात्रि में 12 से 2 बजे के बीच मेढ़ों पर कचरे को जलाकर धुआं करें। पाले से बचाव के लिये फसलों पर सल्फर का 0.1 प्रतिशत घोल बनाकर छिड़काव करें। इससे फसलों पर पाला का प्रभाव कम हो जाता है। उप संचालक कृषि ने पौधशाला के पौधों एवं क्षेत्र वाले उद्यानों व नगदी सब्जी वाली फसलों को टाट अथवा पालीथिन अथवा भूसे से ढ़कने का सुझाव भी दिया है।


