रीवा

स्थानांतरण पर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को दी गई भावभीनी विदाई

स्थानांतरण पर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को दी गई भावभीनी विदाई

रीवा एमपी:रीवा के कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी का स्थानांतरण जबलपुर कलेक्टर पद पर हो गया है। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित विदाई समारोह में राजस्व अधिकारियों तथा कलेक्ट्रेट परिवार ने कलेक्टर को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि रीवा का कार्यकाल मेरे लिए बहुत अच्छा रहा। मुझे अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजनता से भरपूर सहयोग और समर्थन मिला। प्रशासन का उद्देश्य आमजनता को समय पर वांछित सेवाएं देना तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करना है। आमजन का कल्याण अधिकारियों के लिए सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। कोविड की दूसरी लहर के संकट में पूरी प्रशासनिक टीम ने संवेदनशीलता के साथ बहुत अच्छा कार्य किया। मेरा सदैव उद्देश्य आमजन के कल्याण का रहा है। इसे पूरा करने में प्रशासन की टीम रीवा ने सराहनीय कार्य किया।

कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के अच्छे प्रयासों के कारण रीवा जिला शासन के कई मानकों में प्रदेश के टॉप-5 जिलों में शामिल है। हर अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ जन कल्याण के कार्य करे। इससे उसे जो आत्मसंतोष मिलेगा वैसी अनुभूति दूसरी नहीं हो सकती है। हम सदैव ऐसा कार्य करें जिससे प्रशासन पर आमजनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो। रीवा में सभी लोग अच्छे हैं। यहाँ सबने मुझे बढ़चढ़ कर सहयोग दिया। राजस्व अधिकारियों अन्य अधिकारियों तथा जनसंपर्क अधिकारियों ने बहुत अच्छे से अपना दायित्व निभाया।

समारोह में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि कलेक्टर सर की नेतृत्व क्षमता तथा प्रशासन के ऊंचे मानक के कारण राजस्व अधिकारियों को अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिली। राजस्व कार्यों में हमेशा पीछे रहने वाला रीवा जिला आपके नेतृत्व में प्रदेश के सफल जिलों में शामिल हो सका। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर एके झा ने कहा कि कलेक्टर सर का कार्यकाल केवल 19 महीने का रहा। इस छोटे से कार्यकाल में आपने जन सहयोग से प्रशासन को नई दिशा देते हुए जन कल्याण के मूल मंत्र के साथ रीवा जिले को बॉटम-5 से टॉप-5 जिलों में पहुंचा दिया। आपके मन में गरीबों के कल्याण का जो भाव है उसने आपको जिले में अपार लोकप्रियता दी। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय के कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।


समारोह के अंत में अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। समारोह में सुकन्या समृद्धि योजना में रीवा जिले को देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को डाक विभाग रीवा विशिष्ट सम्मान देते हुए डाक टिकिट के साथ कलेक्टर की फोटो जारी की गई, जिसकी प्रति कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को भेंट की गई। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर केपी पाण्डेय, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर एके सिंह तथा कलेक्ट्रेट परिसर के सभी कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक पिछड़ावर्ग सीएल सोनी ने किया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button