
मुख्यमंत्री ने किया 222.79 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने मंच से 6 करोड़ 34 लाख रुपए के हितलाभ का किया वितरण
रीवा एमपी: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज एक दिवसीय प्रवास पर रीवा पहुंचे। मुख्यमंत्री तहसील मुख्यालय ने सिरमौर में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में 222 करोड़ 79 लाख रुपए के लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने मंच से विभिन्न हितग्राहियों को 6 करोड़ 34 लाख रुपए के हितलाभ का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने 157 करोड़ 58 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें यूआईडीएसएसएमटी योजना के तहत 11 करोड़ 10 लाख रुपए की सिरमौर जल आवर्धन योजना तथा 8 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत की बैकुण्ठपुर नगर परिषद की जल आवर्धन योजना शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान पनवार से डभौरा मार्ग का भी लोकार्पण किया। इसका निर्माण मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा 21 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से कराया गया है। इससे दूरस्थ तराई अंचल में आवागमन सुगम हुआ है। समारोह में नवनिर्मित रीवा-सिरमौर रोड का भी मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इसकी कुल लंबाई 36.71 किलोमीटर है। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग की विंग ने 115 करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से कराया है।
समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 64 करोड़ 9 लाख रुपए की लागत के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करके शुभारंभ किया। इन कार्यों में नगर परिषद सिरमौर में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से एक करोड़ दो लाख रुपए की सड़क का निर्माण तथा 50 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत आईटीआई भवन का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालय नष्टिगवां में 6 करोड़ 17 लाख रुपए की लागत से मंजूर महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन किया। समारोह में सिरमौर से क्योटी मार्ग का भी भूमिपूजन किया। इसका निर्माण 23 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की 33 करोड़ की लागत की समूह नलजल योजना निर्माण का भी भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने नगर परिषद सिरमौर तथा डभौरा में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास मद से एक करोड़ 13 लाख 46 हजार रुपए के दो सड़क निर्माणों का भी भूमिपूजन किया।


