रीवा

कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक पहुंचे आंगनवाड़ी केन्द्र पहडि़या बच्चों को पोषण किट का किया वितरण, बांटे उपहार

कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक पहुंचे आंगनवाड़ी केन्द्र पहडि़या
बच्चों को पोषण किट का किया वितरण, बांटे उपहार

रीवा :मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुसार आंगनवाड़ी केन्द्रों के सुदृढ़ीकरण एवं पोषण स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन केन्द्र से एडाप्ट एन आंगनवाड़ी अभियान के तहत जन भागीदारी से आंगनवाडि़यों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जनप्रतिनिधि व अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। अभियान के तहत जिले के शत प्रतिशत आंगनवाड़ी केन्द्रों को एडाप्ट कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। आज कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व समाज सेवियों प्रमुख नागरिकों, सामाजिक संगठनों ने सभी 3434 आंगनवाडि़यों में पहुंचकर बच्चों को पोषण किट वितरित किये। कलेक्टर मनोज पुष्प एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने रायपुर कर्चुलियान परियोजनान्तर्गत पहडि़या आंगनवाड़ी केन्द्र पहुंचकर बच्चों को पोषण किट वितरित किये तथा उपहार व खिलौने बांटे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि जिले में आज अभियान चलाकर सभी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व समाजसेवी आंगनवाड़ी केन्द्रों में जाकर सक्रिय भागीदारी निभाते हुए केन्द्रों से जुड़कर वहां की व्यवस्थाओं को बेहतर करने तथा केन्द्रों के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पोषण/स्वास्थ्य उन्नयन में सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि माह में दो बार इस प्रकार का अभियान संचालित किया जायेगा ताकि गोद ली गई सभी आंगनवाडि़यों में संबंधित जन पहुंचे व उसकी बेहतरी के सभी प्रयास हों। श्री पुष्प ने इस पुनीत कार्य में समाज सेवियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया के साथियों, अधिकारियों व कर्मचारियों को धन्यवाद दिया जिनके सक्रिय सहयोग से यह अभियान जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। उल्लेखनीय है कि जिले की सभी 3434 आंगनवाडि़यों को जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व अधिकारियों/कर्मचारियों ने गोद लिया है और कुपोषण मुक्त प्रदेश व जिला बनाने में सहभागी बन रहे हैं।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने पहडि़या आंगनवाड़ी केन्द्र में बच्चों को पोषण किट व उपहार वितरित किये। उन्होंने कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती करने के निर्देश दिये तथा उपस्थित अभिभावकों से अपेक्षा की कि बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। कलेक्टर ने उपस्थित कार्यकताओं से कहा कि वह बच्चों के घरों का लगातार भ्रमण कर उनकी स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे तथा अभिभावकों को खानपान के बारे में उचित सलाह दें। पहडि़या आंगनवाड़ी को गोद लेने वाले समाजसेवी वंशबहादुर तिवारी द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र को शू स्टैण्ड आलमारी प्रदान की गई। इस अवसर पर पूर्व सरपंच ऋषि पाण्डेय ने आंगनवाड़ी केन्द्र में पंखा लगवाने की घोषणा की। बच्चों को उपहार स्वरूप जूते, कपड़े, खिलौने वितरित किये गये। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि एडाप्ट आंगनवाड़ी अभियान में आज जिले के सभी केन्द्रों में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंचे हैं। इस दौरान परियोजना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय, तहसीलदार सुधाकर सिंह, परियोजना अधिकारी अंजना सिंह सहित ग्रामवासी तथा बच्चे व उनके परिजन तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका उपस्थित रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button