
विशाल समाचार सीतामढी बिहार-
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फील्ड आउटरीच ब्यूरो द्वारा राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस पर विशेष परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के फील्ड आउटरीच ब्यूरो, सीतामढ़ी के द्वारा आज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीतामढ़ी में राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसका विधिवत उद्धघाटन श्री अवनीश चौबे, डिप्टी कमांडेंट, 51 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी, श्री संजीव कुमार वर्मा, प्रभारी प्राचार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीतामढ़ी, ओम प्रकाश वर्मा, रूपेश कुमार, सुजीत कुमार आदि द्वारा संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं विषय प्रवेश कराते हुए श्री जावेद अख्तर अंसारी, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, फील्ड आउटरीच ब्यूरो, सीतामढ़ी ने कहा कि आज 21 मई को पूरे भारत में राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य आतंकवादी समूहों एवं आतंकवादी घटनाओं के बारे में लोगों के बीच जागरूकता फैलाना है जिससे देश में शांति और मानवता के संदेश को बढ़ावा मिलेगा | सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा इस तरह के आयोजन से लोगों को आतंकवाद के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री संजीव कुमार वर्मा, प्रभारी प्राचार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीतामढ़ी ने उपस्थित छात्र- छात्राओं से कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होते रहना चाहिए, जिससे हमारे युवाओं में आतंकवाद विरोधी भावना का विकास होगा, और वे अपने आस-पास होने वाले घटनाओं के बारे में पूरी तरह जागरूक रहेंगे | उन्होंने अपने संस्थान की ओर से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फील्ड आउटरीच ब्युरो को राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस पर कार्यक्रम करने के लिए धन्यवाद दिया |

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अवनीश चौबे, डिप्टी कमांडेंट, 51वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी ने अपने सम्बोधन में राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आतंकवाद बोलने में बहुत छोटा लग रहा होगा लेकिन इसके परिणाम इतने ज्यादा है कि हमने अपनी आंखों के सामने अपने जवानों को मरते देखा है, न जाने कितनी पत्नियाँ आतंकवादी घटनाओं में विधवा हो गई हैं | अक्सर देखा जाता है कि आतंकवाद को धर्म विशेष से जोड़ा जाता है, लेकिन जब भी आतंकवादी घटना होता है तो उससे सभी धर्म, जाति के लोग प्रभावित होते है | उन्होंने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आतंकवादी संगठन सबसे ज्यादा आप जैसे युवाओं को अपना शिकार बनाने की कोशिश करते है, आपको तरह-तरह लालच एवं प्रलोभन दे कर आतंकवादी घटनाओं में सहयोगी बनाना चाहती है, इससे हम सबकी जिम्मेदारी है कि ऐसे लालच एवं प्रलोभन से बचें। जीवन में जो भी करें ईमानदारी से करें और साथ ही हमेशा जागरूक बने रहे |
डिप्टी कमांडेंट, 51 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस पर आतंकवाद विरोधी शपथ भी दिलाई गई |

कार्यक्रम के दौरान प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और विजेताओं में काजल किरण, मनीष कुमार, दिनेश कुमार, निक्की कुमारी एवं अमर कुमार को उपस्थित अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री ग्यास अख्तर, क्षेत्रीय प्रचार सहायक, सीतामढ़ी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री अर्जुन लाल हरिजन, श्री राकेश कुमार , संजय राय, रवि कुमार आदि उपस्थित थे |


