रीवा

खनिज मद से पूर्ण कार्यों का पूर्णता और राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें – कलेक्टर

खनिज मद से पूर्ण कार्यों का पूर्णता और राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें – कलेक्टर

विशाल समाचार नेटवर्क रीवा एमपी कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला खनिज मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि विभागों को यदि किसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्य के लिए विभागीय मद से बजट प्राप्त नहीं होता है तब खनिज मद से राशि दी जाती है। आवंटित राशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करें। निर्माण एजेंसिंयाँ तथा कार्यालय प्रमुख खनिज मद से पूर्ण कार्यों का पूर्णता प्रमाण पत्र एवं राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र तत्काल प्रस्तुत कर दें। साथ ही आगामी वर्ष के लिए कार्य भी प्रस्तावित करें। राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर माँग के अनुसार राशि जारी नहीं की जा सकेगी। 

 

कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों को खनिज मद से निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं उनके कार्यालय प्रमुख स्वयं समीक्षा करके हर माह प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। खनिज मद से अधिक राशि के निर्माण कार्य सीधे कार्य करने वाली शासकीय विभागों को ही आवंटित करें। कार्यपालन यंत्री पीएचई बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में स्वीकृत जलापूर्ति का निर्माण कार्य 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए राशि आवंटित की गई थी। इसमें से केवल 70 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आवश्यक उपकरणों की खरीद करके राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को 64 निर्माण कार्यों के लिए राशि आवंटित की गई थी। इनमें से केवल 4 कार्य पूरे हुए हैं। शेष सभी कार्य 29 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। 

 

कलेक्टर ने कहा कि भवन विहीन शालाओं के लिए शिक्षा विभाग को राशि आवंटित की गई है। स्वीकृत शाला भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराएं। शिक्षा विभाग को 22 अतिरिक्त कक्षों के लिए राशि दी गई है। इनमें से केवल एक का ही कार्य पूरा हुआ है। शेष कार्य 15 फरवरी तक पूरा कराएं। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने बताया कि खनिज मद से सात कार्यों के लिए राशि आवंटित की गई थी। इनमें से तीन कार्य पूरे हो गए हैं। नगर परिषदों को भी 12 कार्यों के लिए राशि आवंटित की गई थी। इनमें से दो कार्य पूरे हो गए हैं। कलेक्टर ने गोविंदगढ़ नगर परिषद के निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर सीएमओ को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। बैठक में खनिज मद से स्वीकृत पशुपालन विभाग, पर्यटन विभाग, जिला रेडक्रास समिति, वन विभाग, ट्राईबल विभाग तथा अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में वन मण्डलाधिकारी अनुपम शर्मा ने बताया कि बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में वृक्षारोपण के लिए नई कार्ययोजना तैयार की जा रही है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवणे, प्रभारी अधिकारी डीएमएफ डॉ संजय सिंह, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button