
विशाल समाचार टीम इटावा
इटावा:उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित लॉयन सफारी की भी दो शेरनियां कोरोना संक्रमित मिली हैं. भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान बरेली (आईवीआरआई) में हुई जांच में लायन सफारी की ये दो शेरनियां कोरोना से संक्रमित मिली हैं. आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में बीते दिनों 8 शेरों के संक्रमित मिलने के बाद इस तरह का दूसरा मामला है सूत्रो के मुताबिक, इटावा सफारी पार्क में दो शेरनी COVID19 पॉजिटिव आई हैं. सफारी के निदेशक ने बताया, “जांच में दो शेरनी गौरी जिसकी उम्र लगभग 3 वर्ष 8 महीने और जेनिफर जिसकी उम्र 9 वर्ष है पॉजिटिव आई हैं. दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है.
इससे पहले आईवीआरआई के संयुक्त निदेशक डॉ के पी सिंह ने शुक्रवार को बताया था कि इटावा के लॉयन सफारी से 14 शेर-शेरनी के 16 नमूने आईवीआरआई के बीएसएल-3 प्रयोगशाला में में जांच के लिए आए थे. सिंह ने बताया कि गुरुवार को हुई आरटीपीसीआर जांच में एक शेर कोरोना संक्रमित मिला है, वहीं एक अन्य शेर का नमूना संदिग्ध है. उन्होंने बताया कि इसके अलावा बाकी शेरों के नमूने निगेटिव मिले. संयुक्त निदेशक ने बताया कि दिल्ली से भी एक शेर का नमूना आया था, जिसकी शुक्रवार को जांच की गई और उसका नमूना निगेटिव पाया गया
इटावा लायन सफारी के एक शेर के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट सफारी प्रबंधन और शासन को भेजी जा रही है. उन्होंने संभावना जतायी की कि जल्द ही कानपुर समेत अन्य चिड़ियाघर से भी शेर, बाघ और समेत अन्य जंगली जानवरों के नमूने कोरोना जांच के लिए आएंगे.
सूत्रों के अनुसार शेरों में लगातार कोरोना संक्रमण मिलने के बाद चिड़िया घरों में हाई अलर्ट होने की संभावना है. विशेषज्ञ का मानना है कि शेरों के मांद की सफाई करने या भोजन देने वाला कर्मचारी संक्रमित न हो, इसका ध्यान रखने की आवश्यकता है.



