
हेनकेल ने पुणे में विनिर्माण विस्तार के साथ भारत में अपनी इलेक्ट्रॉनिक्स उपस्थिति को मजबूत किया
पुणे, भारत : हेन्केल ने आज तमिलनाडु के चेन्नई में अपने अत्याधुनिक एप्लिकेशन इंजीनियरिंग सेंटर के शुभारंभ की घोषणा की, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में उसकी एडहेसिव टेक्नोलॉजीज बिजनेस की अग्रणी स्थिति और मजबूत होगी। कंपनी पुणे के पास कुरकुंभ में अपने मल्टी-टेक्नोलॉजी विनिर्माण स्थल पर इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के लिए एक नया एडहेसिव मैटेरियल का उत्पादन संयंत्र भी स्थापित करेगी। यह निवेश स्थानीयकरण, नवाचार और तेज उत्पाद विकास के प्रति हेन्केल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे इस क्षेत्र के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
आने वाले वर्षों में भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग तेजी से बढ़ने की संभावना है, जिसमें ‘मेक इन इंडिया’ और पीएलआई (प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव) जैसी सरकारी पहलें प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में हेन्केल का विस्तार उसे इस विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार बना रहा है।
हेन्केल इंडिया के कंट्री प्रेसिडेंट एस. सुनील कुमार ने कहा, “भारत इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में एक वैश्विक केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। ऐसे में हेन्केल को ‘मेक इन इंडिया’ पहल को समर्थन देने और इस यात्रा में एक प्रमुख भागीदार बनने पर गर्व है। चेन्नई और कुरकुंभ में हमारे नए संयंत्र इस विकास को गति देने के लिए बनाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती सुनिश्चित हो सके। यह हमारे वैश्विक ग्राहकों को बेहतर सेवा देने और इस क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह लंबी अवधि के सहयोग, नवाचार को बढ़ावा देने और हमारे ग्राहकों के लिए मूल्य निर्माण की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
तमिलनाडु में स्थित—जो वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का एक प्रमुख केंद्र है—17,000 वर्ग फुट में फैली चेन्नई सुविधा को नए उत्पाद परिचय (NPI) में तेजी लाने और ग्राहकों के लिए बाजार में आने का समय कम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस केंद्र में पांच विशेष प्रयोगशालाएं हैं, जो उन्नत एडहेसिव सॉल्यूशंस और थर्मल प्रबंधन सामग्री पर केंद्रित हैं। ये सॉल्यूशंसस्मार्टफोन, वियरेबल डिवाइसेस और अन्य उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स की विश्वसनीयता, स्थायित्व और आकर्षक डिज़ाइन को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह केंद्र अत्याधुनिक डिस्पेंसिंग सिस्टम, डिवाइस वाटरप्रूफिंग के लिए वैक्यूम इम्प्रिग्नेशन तकनीक और उच्च-सटीकता वाली सामग्री विश्लेषण प्रणालियों से सुसज्जित है, जो तेज़ प्रोटोटाइपिंग, कॉन्सेप्ट टेस्टिंग और उत्पाद सत्यापन को संभव बनाता है। इससे हेन्केल की वैश्विक नवाचार उपस्थिति और मजबूत होगी और यह जर्मनी, अमेरिका, चीन, सिंगापुर, जापान, कोरिया और वियतनाम में पहले से मौजूद उसके केंद्रों को और अधिक सक्षम बनाएगा। इन निवेशों से हेन्केल इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माताओं के लिए एक प्रमुख नवाचार भागीदार के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत कर रहा है।
हेन्केल एडहेसिव टेक्नोलॉजीज में इलेक्ट्रॉनिक्स के कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट वेन झोऊ ने कहा, “भारत में हमारा निवेश स्वाभाविक रूप से कंपनी की वृद्धि को आगे बढ़ाता है और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आपूर्ति श्रृंखला की विविधता को मजबूत करता है। हेन्केल अपने ग्राहकों के समीप रहकर उनकी जरूरतों को पूरा करता है । भारत में हमारा संचालन काफी समय से चल रहा है और चूंकि हमारे ग्राहक यहां अपनी उपस्थिति बढ़ा रहे हैं, इसलिए हम तेज़ और प्रभावी सहयोग के लिए स्थानीय क्षमताओं में निवेश कर रहे हैं, जिससे नए उत्पादों के विकास और उनके सत्यापन को और सरल बनाया जा सके।”
कुरकुंभ में नया संयंत्र हेन्केल की उच्च-प्रदर्शन वाले एडहेसिव और कोटिंग समाधानों की क्षमताओं को बढ़ाएगा। यह स्थानीय उत्पादन को मजबूत करेगा और भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की बढ़ती मांगों को पूरा करने में मदद करेगा। इस संयंत्र को इंडस्ट्री 4.0 आधारित स्मार्ट फैक्ट्री सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे परिचालन की दक्षता बढ़ेगी, उत्पाद की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और डाउनटाइम को कम किया जा सकेगा।

