
राष्ट्रीय पंचायत दिवस का आयोजन संपन्न
रीवा विशाल समाचार संवाददाता. जिले भर में राष्ट्रीय पंचायत दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। रीवा एवं मऊगंज जिले में जिला स्तर, जनपद पंचायत स्तर तथा समस्त ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय पंचायत दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किये गये। समारोह में प्रधानमंत्री जी के विहार में आयोजित कार्यक्रम का सीधा, प्रसारण देखा गया।
जिला पंचायत रीवा में अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत के अधिकारों तथा जनप्रतिनिधियों की अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय से कार्य करने पर चर्चा हुई। स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण की गतिविधियों से आमजनों को जोड़ने की बात कही गई। ग्राम पंचायत स्तर में जन सहयोग से गांव की जल संरचनाओं की साफ सफाई व सुधार के कार्य कराने पर बल दिया गया। अध्यक्ष जिला पंचायत ने अपेक्षा की कि गांवों को सशक्त व सुविधा संपन्न बनाने में सभी सहभागी बनें। संविधान के 73वें संशोधन के लागू होने से पंचायतों को संवैधानिक दर्जा मिलने से लोकतंत्र का जमीनी स्तर पर मजबूत होना पंचायतराज की सफलता है। कार्यक्रम में गत दिनों कश्मीर में हुए हमले में मृतकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर तथा जिला पंचायत के सदस्य एवं अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिये सम्मानित किया गया।
