
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन/कानून व्यवस्था संबंधित बैठक आयोजित की गई
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन/कानून व्यवस्था संबंधित बैठक आयोजित की गई।
जिसमें उन्होंने कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने एवं लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी अपराधी सजा पाने से बचना नहीं चाहिये। अपराधियों को समाज के लिये नासूर बताते हुये कहा कि अपराधियों के प्रति कतई रहम न बरतते हुये सामाजिक हित में उनके अपराध की सजा बतौर उन्हें जेल भिजवाया जाना बहुत जरूरी है साथ ही निर्दाेष लोगो को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाये। उन्होंने आपराधिक मामलों में लिप्त अपराधियों को सजा दिलाने हेतु न्यायालयों में मुकदमों की प्रभावी ढंग से पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून के प्रति भय कायम करने और सजा काटने के लिये अपराधियोंd को जेल भिजवाने हेतु पुलिस और अभियोजन अधिकारी एकजुट होकर ठोस कदम उठायें। उन्होंने गुण्डा एक्ट पर तत्काल कार्यवाही करने एवं लगातार अपराध करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेकर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करे ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो और आगे किसी बडे़ खतरे की वजह न बन सके। उन्होंने कहा कि टीम भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि न्यायालय के सामने अपना केस ऐसे तरीके से प्रस्तुत करें कि न्यायालय के पास अपराधी को सजा देने के अलावा कोई दूसरा विकल्प न रहे। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि चिन्हित अपराधियों की सूची बनाई जाए एवं यह सुनिश्चित किया जाए कि कितने अपराधियों को सजा हो चुकी है एवं कितने अपराधियों को सजा मिलना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि जनपद में जितने भी लुटेरे हैं उन्हें सजा दिलाना एवं जेल के अंदर रखना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने महिला सम्बन्धी अपराधों एवं पास्को एक्ट से सम्बन्धित मुकदमों पर प्रभावी ढंग से कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिये एवं उन्हेंने कहा कि ऐसे अपराधियों को सजा दिलाना हमारा दायित्व है और ऐसे अपराधियों के छूटने पर निश्चित अपील की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की सूची तैयार करते हुए व्यापक कार्य योजना तैयार कर लंबित मामलों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एस0पी0 सिटी अभय नाथ त्रिपाठी सहित जिला शासकीय अधिवक्ता आदि उपस्थित रहे।


