
विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई,
विशाल समाचार सीतामढ़ी
जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई, साथ ही डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान शिविर एवं महिला संवाद शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कैंप मोड में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं पंचायत कर्मी शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि ज्यादा से ज्यादा आमजन तक इनका लाभ पहुंच सके। साथ ही, शिविर के दिन ही प्राप्त आवेदनों का मौके पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, जन आकांक्षाओं और फीडबैक का विधिवत दस्तावेजीकरण किया जाए। बैठक के दौरान प्रखंडवार समीक्षा करते हुए बताया गया कि आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवास योजना, स्वयं सहायता भत्ता, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व मामलों, हर घर नल का जल, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन और सतत जीविकोपार्जन से संबंधित योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई।
जिन प्रखंडों में कार्य की गति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें सख्त निर्देश दिए गए कि लंबित आवेदनों का शीघ्र एवं नियमानुसार निष्पादन किया जाए। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक भूमि की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई और संबंधित अंचल अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री मनन राम, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



