महिला उत्पीड़न की रोकथाम हेतु 28 मई को होगी जनसुनवाई
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह ने जानकारी दी है कि जनपद इटावा की समस्त महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती पूनम द्विवेदी 28 मई 2025 को पूर्वाह्न 12:00 बजे नवीन प्रेरणा सभागार, विकास भवन, इटावा में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं की समस्याओं के निराकरण हेतु जनसुनवाई करेंगी।
इस जनसुनवाई में वे महिलाएं, जो किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या समस्या से जूझ रही हैं, अपनी शिकायतें एवं समस्याएं सीधे माननीय सदस्य के समक्ष रख सकती हैं। जिला प्रशासन ने सभी पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याओं को साझा करें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
जनसुनवाई का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाना एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। अधिक जानकारी के लिए जिला प्रोबेशन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

