
जल गंगा संवर्धन अभियान में ग्राम कंदैला में निकाली गई जल रैली
जल संरक्षण से ही दूर होगी पानी की समस्या – विधायक मनगवां
रीवा विशाल समाचार संवाददाता: जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ जल गंगा रैली, जल संगोष्ठी और जल चौपाल के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में गत दिवस गंगेव विकासखण्ड के ग्राम कंदैला में जल गंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ करते हुए विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल संरक्षण से ही पानी की समस्या दूर होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में जल संरक्षण और संवर्धन के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से जल स्रोतों की साफ-सफाई और सुधार के साथ-साथ नई जल संरचनाओं का निर्माण भी किया जा रहा है। हर व्यक्ति अपने गांव के जल स्त्रोत को साफ-सुथरा और पानी से भरा-पूरा बनाने के लिए श्रमदान करे। इसके साथ-साथ वर्षाकाल में कम से कम एक पौधा रोपित करके उसकी उचित देखभाल करे। वृक्षारोपण से भी जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कंदैला ग्राम में जल गंगा रैली तेड़ा तालाब तक निकाली गई। इसके बाद रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों तथा आमजनों ने तालाब की साफ-सफाई में श्रमदान किया। रैली में जनपद अध्यक्ष गंगेव श्री विकास तिवारी, एसडीएम मनगवां पीएस त्रिपाठी, तहसीलदार सुमित गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्राची चौबे, नायब तहसीलदार राजीव शुक्ला, जनपद सदस्य गणेश सिंह, जनपद सदस्य प्रेमवती, सरपंच मुकेश पटेल, जन अभियान परिषद की विकासखण्ड समन्वयक अनीता मिश्रा, डॉ विष्णुदेव कुशवाहा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


