
अपघातग्रस्त युवाओं को सरकार सहायता दे — डॉ. हुलगेश चलवादी
एमपीएससी परीक्षा से वंचित हुए छात्रों को मिले एक और अवसर
पुणे : डीएस तोमर
पुणे के विश्रामबाग क्षेत्र स्थित भावे उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास शनिवार शाम को हुए सड़क हादसे ने चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कर रहे लगभग 12 छात्र इस दुर्घटना में घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार को आयोजित एमपीएससी परीक्षा में इन घायल छात्रों के शामिल न हो पाने की संभावना है। ऐसे में इन छात्रों के प्रति सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए, ऐसा मत बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव और पश्चिम महाराष्ट्र ज़ोन के मुख्य प्रभारी डॉ. हुलगेश चलवादी ने रविवार (1 जून) को व्यक्त किया।
डॉ. चलवादी ने मांग की कि इन घायल छात्रों को एमपीएससी परीक्षा में विशेष अवसर दिया जाए। उन्होंने बताया कि बसपा इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और एमपीएससी से पत्राचार करेगी।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके इलाज का खर्च सरकार को उठाना चाहिए, ताकि इन युवाओं पर आर्थिक बोझ न पड़े, ऐसी मांग भी बसपा की ओर से की गई है।
पुणे पुलिस ने आरोपी चालक जयराम मुले, सहयात्री राहुल गोसावी और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। डॉ. चलवादी ने कहा कि पुणे में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। पुलिस को नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाना चाहिए।
साथ ही, ऐप आधारित कैब सेवा कंपनियों को भी अपने ड्राइवरों की योग्यता और प्रशिक्षण की पूरी जांच करनी चाहिए, ऐसा सुझाव डॉ. चलवादी ने दिया।


