धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में लगेंगे शिविर, हितग्राही होंगे लाभान्वित
अभियान में मऊगंज के 2 तथा हनुमना के 142 ग्राम शामिल
मऊगंज अनिल सिंह संवाददाता. जिले में 15 से 30 जून तक धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर संजय कुमार जैन बताया कि अभियान के तहत जनजाति बहुल ग्रामों में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। अभियान में मऊगंज के 2 तथा हनुमना के 142 गावों को शामिल किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत इन ग्रामों में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य रक्षा, शिक्षा एवं स्वच्छ पेयजल के उपयोग के संबंध में जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान मौके पर ही आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन प्राप्त करके हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल एनीमिया एवं अन्य रोगों के नि:शुल्क जाँच की भी व्यवस्था की जाएगी। अभियान के तहत शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, कृषि विभाग तथा राजस्व विभाग सहित सभी विभागों में समन्वय से हर पात्र हितग्राही को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।


