
जिलाधिकारी ने नल जल योजना का किया निरीक्षण, अवैध मोटर जब्त कर कारवाई के निर्देश
ब्यूरो विशाल समाचार सीतामढ़ी
सीतामढ़ी जिले में बारिश की कमी के कारण उत्पन्न जल संकट की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने आज सोनबरसा प्रखंड के कचौर पंचायत के विभिन्न वार्डों में संचालित नल जल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत क्षेत्र में नल जल योजना का संचालन पूर्णतः सुचारू हो तथा प्रत्येक घर तक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जहाँ आवश्यकता हो, वहाँ तत्काल चापाकल की मरम्मत अथवा नई स्थापना भी कराई जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने परिहार प्रखंड के धनरवा पंचायत अंतर्गत गांधीनगर टोला वार्ड संख्या 3 में भी नल जल योजना की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर ज्ञात हुआ कि रिंकू ऑटोमोबाइल (बाइक एजेंसी) के प्रोपराइटर द्वारा नल जल योजना के जल स्रोत स्थल पर निजी मोटर लगाकर अवैध रूप से जल दोहन किया जा रहा था। जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही जांच कर मोटर को जप्त किया गया एवं कार्यपालक अभियंता को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल संकट की इस स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा जल की अवैध निकासी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कारवाई की जाएगी।




b60b8l