
कारगिल विजय दिवस पर इटावा में शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों ने लिया समाज सेवा का संकल्प
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा: जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शनिवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में कारगिल विजय दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा प्रार्थना सभा में भाग लिया।
कार्यक्रम में जिले के अनेक पूर्व सैनिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। जिला सैनिक कल्याण एवं ई.सी.एच.एस. इटावा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में नि:शुल्क चिकित्सा परीक्षण, दंत जाँच और रक्त परीक्षण की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।
इस आयोजन में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हयात उल्लाह, ई.सी.एच.एस. प्रभारी कर्नल प्रमोद, फ्लाइंग ऑफिसर रघुराज, सूबेदार मेजर रघुराज सिंह, सूबेदार मेजर प्रताप भदौरिया, सूबेदार के. के. त्रिपाठी, सूबेदार मुनुआ चौहान, सूबेदार जीतेंद्र भदौरिया, सूबेदार हरपाल सिंह, सूबेदार शिवजीत सहित विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति कविताओं एवं गीतों के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित पूर्व सैनिकों ने समाज की सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।


